जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना वैक्सीनेशन की समीक्षा बैठक हुई। इसमें टीकाकरण को सुबह नौ बजे से चालू करने के लिए निर्देश दिया गया। छह सितंबर को होने वाले मेगा अभियान में कम से कम 36 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना की तीसरी संभावित लहर को रोकने के लिए वैक्सीनेशन जरूरी है। शत प्रतिशत लोगों को टीका लगाना जरूरी है। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत अधिकारियों से कहें कि टीकाकरण का प्रचार-प्रसार गांवों में कराएं। इसके बाद डीएम ने जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक ली। उसमें सात से 20 सितंबर तक घर-घर अभियान के दौरान कोविड-19 टीकाकरण, ज्वर पीड़ित व्यक्तियों, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों, नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीका कराएं। उन्होंने कहा कि दो दिन में ब्लॉक स्तर पर माइक्रो प्लान, ट्रेनिंग का आयोजन किया जाए। मेडिकल डिपार्टमेंट की भूमिका होनी चाहिए कि अपनी टीम को प्रशिक्षित करके कार्य कराएं। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, आईसीडीएस, नगर पालिका/टाउन एरिया के अधिशासी अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के साथ मिलकर अपना योगदान शत प्रतिशत दें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।