Bhadohi: दुर्गा पूजा पंडाल अग्निकांड में 17वीं मौत, 70 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम, अब भी 28 भर्ती
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर बीते दो अक्तूबर को रात करीब नौ बजे भदोही के नरथुआं स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही पूजा पंडाल अग्निकांड में मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार सुबह एक और दुखद खबर आई। बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में इलाज के दौरान 70 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही पूजा पंडाल अग्निकांड में मृतकों की कुल संख्या 17 हो गई। अभी भी लगभग 28 मरीजों का इलाज विभिन्न चिकित्सालयों में चल रहा है।
शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर बीते दो अक्तूबर को रात करीब नौ बजे नरथुआं के दुर्गा पंडाल में भीषण आग लग गई थी। घटना में पहले दिन चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 77 गंभीर रूप से झुलस गए थे। शासन के निर्देश पर सभी को जिले के निजी और वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर और सर सुंदर लाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पिछले 14 दिनों से हादसे से संबंधित लगातार अच्छी खबरें आ रही थी और रोज कुछ न कुछ मरीज स्वस्थ होकर घर लौट रहे थे। हालांकि 14 दिनों बाद हादसे से संबंधित फिर से बुरी खबर आई। शनिवार को हादसे में झुलसी 70 वर्षीय महिला इन्द्रावती देवी की मौत हो गई। इन्द्रावती लगभग 65 फीसदी झुलस चुकी थीं।
उनका उपचार बीएचयू अस्पताल में चल रहा था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में मातम छा गया। जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने इन्द्रावती की मौत पर शोक संवेदना प्रकट की है।