ज्ञानपुर। फरवरी-मार्च में संभावित बोर्ड परीक्षा की तैयारी जिले में शुरू हो गई है। केंद्र निर्धारण से पूर्व 183 माध्यमिक और इंटर कॉलेजों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए एसडीएम के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। 25 सितंबर तक गठित टीम को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करना है। उसके बाद रिपोर्ट बोर्ड को भेजी जाएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से हर साल फरवरी-मार्च में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा कराई जाती है। कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा नहीं हो सकी थी, लेकिन 2022 में परीक्षा कराई गई। अब 2023 की बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। छात्र-छात्राओं की तस्वीर साफ होने के बाद केंद्र निर्धारण के लिए स्कूलों के सत्यापन की कवायद शुरू हो गई है। डीएम के निर्देश पर 183 माध्यमिक और इंटर कॉलेजों में संसाधनों का सत्यापन करने के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। इसमें तीनों तहसीलों में एसडीएम, तहसीलदार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संग जीआईसी, पं. दीनदयाल उपाध्याय मॉडल कॉलेज के प्रधानाचार्यों को नामित किया गया है। गठित टीम स्कूलों में शौचालय, पेयजल, सीसीटीवी कैमरा, विज्ञान लैब सहित 15 बिंदुओं पर सत्यापन करेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने बताया कि गठित टीम 25 सितंबर तक रिपोर्ट देगी। उसके बाद उसे बोर्ड को भेजा जाएगा। बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 57 हजार 843 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल के 31 हजार 465 और इंटरमीडिएट में 26 हजार 378 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। कुल मिलाकर छात्र-छात्राओं की संख्या 57 हजार 843 हो गई है, जो 2022 और 2021 से करीब नौ हजार अधिक हैं।