सीएम के कार्यक्रम में सुदामा नजरबंद
विक्रमजोत (बस्ती)। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन चौकन्ना रहा। सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रमणि उर्फ सुदामा को हर्रैया थानाक्षेत्र के सहराएं में उनके घर पर नजरबंद कर दिया गया। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने सुबह सात बजे ही सिपाहियों के साथ नजर बनाए रखी थी। छावनी एसओ हरेकृष्ण उपाध्याय को घर पर लगा दिया गया था। ऐसी आशंका थी कि चंद्रमणि मुंडेरवा में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। गत वर्ष दुबौलिया में प्रशासन को गुमराह कर पहले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में समर्थकों को भेज दिया था। बाद में खुद पहुंचकर जिले की समस्याओं को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। डीएम के साथ बैठक में चंद्रमणि ने गन्ना बकाया, मूल्यवृद्धि, शिक्षा, चिकित्सा, सड़क सहित अन्य बिंदुओं को लेकर मुंडेरवा पहुंचने की घोषणा कर रखी थी। स्कूल में नजरबंद करने की सूचना पर समर्थकों का जमावड़ा लग गया। बाद में पुलिस उन्हें उनके घर ले गई। इस दौरान अजय मिश्र, विजय, अरविंद, मयंक, सुभाष, शिवम, डा.अशोक श्रीवास्तव, बजरंगी भाई, चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, पवन वर्मा, गुड्डू चौधरी, विवेक पांडेय, सुनील पांडेय, हनुमान पांडेय, घनश्याम पांडेय, राधेश्याम, सुजीत शर्मा तमाम लोग शामिल हो गए थे।