फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   Seeing the moon, dance with joy, Eid ul Fitr today

Basti News: चांद का दीदार होते खुशी से झूमे, ईद उल फितर आज

Sat, 22 Apr 2023 12:49 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती Updated Sat, 22 Apr 2023 12:49 AM IST
विज्ञापन
Seeing the moon, dance with joy, Eid ul Fitr today
 ईद का चांद देखते लोग।
बस्ती। आखिरकार वह तारीख आ ही गई, जिसके लिए रोजेदारों ने भूखे-प्यासे रहकर 29 दिन इबादत में गुजारे हैं। जुमे की शाम फलक पर ईद का चांद नजर आते ही नमाजियों के चेहरे खुशी से खिल गए। ईद के चांद का दीदार होते ही मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बधाइयां दी।
विज्ञापन

ऐसे कयास पहले से लगाए जा रहे थे कि शुक्रवार यानी अलविदा जुमे के रोज ही ईद के चांद का दीदार हो जाएगा। खाड़ी देशों में बृहस्पतिवार को ही चांद दिख जाने से इस उम्मीद को और भी बल मिला। ऐसे में सूरज ढलने के साथ ही लोगों की निगाहें आसमान को निहारने लगी थीं। पश्चिम दिशा में चांद का दीदार होते ही खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। चांद होने के साथ ही मस्जिदों से ईद की नमाज का ऐलान होने लगा। मस्जिदों व ईदगाहों में नमाज की तैयारियां शुरू हो गईं।
विज्ञापन

गांधीनगर मेन मार्केट से लेकर बैंक, जीआईसी तक रात दो बजे तक काफी गहमागहमी रही। बड़े-बूढे़ व बच्चे भी बाजार में खरीदारी करते दिखे। किसी को नई वाली टोपी पसंद आई तो कोई जूते की नाप लिए दुकानों पर घूमता रहा। सबसे ज्यादा सेवइयां, कपड़े, टोपी, जूते, आर्टिफिशियल ज्वेलरी शॉप पर खूब भीड़भाड़ रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

----
326 मस्जिदों, 157 ईदगाहों में अदा होगी नमाज
- जिले की 326 मस्जिदों और 157 ईदगाहों पर अल्लाह की खिदमत में नमाज अदा की जाएगी। जिसमें शहर की प्रमुख 20 मस्जिदों पर विशेषज्ञ नमाज अदा की जाएगी। ईदगाह कड़र, खैर इंटर कॉलेज, टाउन क्लब जीएन मस्जिद, निसार साहब मस्जिद बालक राम के सामने, राम प्रसाद गली छोटी मस्जिद, अजुंमन मस्जिद गांधी नगर, जामिया हनफिया रहमतगंज, दारूल उलूम एवं दरिया खां, गड़गोडिया एवं कसाईबाड़ा, जिला अस्पताल एवं कर्बला, दक्षिण दरवाजा, चिकवा टोला एवं अंजुमन पुरानी बस्ती, पंचायती मंदिर के बगल व पठान टोला, रेलवे स्टेशन मस्जिद तथा कटरा मस्जिद में अलग-अलग समय सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक नमाज अदा की जाएगी।
-----------
कमिश्नर,आईजी करेंगे पर्यवेक्षण
- इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किया गया है। कमिश्नर योगेश्वरराम मिश्र, आईजी आरके भारद्वाज, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी के पर्यवेक्षण में एएसपी, सीओ सिटी, सीओ हर्रैया, सीओ कलवारी, कोतवाल, एसओ पुरानी बस्ती के अलावा स्वाट टीम व क्यूआरटी की कई टीमें मुस्तैद रहेंगी। साथ में फायर ब्रिगेड, दंगा नियंत्रण दस्ता, क्यूआरटी (त्वरित कार्य बल) की कई टोलियां भ्रमणशील रहेंगी। एसपी ने बताया कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर होगी।
---
निगरानी के लिए जिम्मेदारी तय
- पुरानी बस्ती पूरा क्षेत्र में तहसीलदार सदर, ईदगाह कड़र में नायब तहसीलदार नगर, गांधी नगर में नायब तहसीलदार सदर, ईदगाह कड़र, खैर इंटर कॉलेज, टाउन क्लब जीएन मस्जिद, निसार साहब मस्जिद बालक राम के सामने, राम प्रसाद गली छोटी मस्जिद, अजुंमन मस्जिद गांधी नगर, जामिया हनफिया रहमतगंज, दारूल उलूम एवं दरिया खां, गड़गोडिया एवं कसाईबाड़ा, जिला अस्पताल एवं कर्बला, दक्षिण दरवाजा, चिकवा टोला एवं अंजुमन पुरानी बस्ती, पंचायती मंदिर के बगल व पठान टोला, रेलवे स्टेशन मस्जिद तथा कटरा मस्जिद में क्षेत्रीय लेखपालों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा सभी राजस्व निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्र के प्रभारी रहेंगे। वे ईद की नमाज के दौरान पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर कानून व्यवस्था पर निगरानी करेंगे। नगर पालिका प्रशासन ने भी तैयारी की है। शुक्रवार को सुबह से दिन में दो बजे तक निर्बाध रूप से जलापूर्ति की जाएगी। इसके अलावा मस्जिदों व ईदगाहों के आसपास आकस्मिक लीकेज को तत्काल ठीक करने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
---
मजिस्ट्रेट तैनात
- संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर उन स्थानों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। वे सुबह से ही नमाज तक उन स्थलों पर तैनात रहेंगे। जिन स्थानों पर ईदगाह, मस्जिद के पास मंदिर स्थित है। कड़र खास, छावनी में प्रशासन की सतर्क दृष्टि है। जनपद की सीमा अयोध्या से सटे होने के कारण धार्मिक और राजनैतिक गतिविधियां और सक्रिय होती है, ऐसे में कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए बस्ती शहर में दो स्थानों पर और सभी तहसील मुख्यालयों पर एक-एक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
---
चांद रात में गुलजार रहा बाजार गरारा-शरारा की बढ़ी कद्र
- ईद के चांद का दीदार होने के बाद बाजार में चार चांद लग गया। शहर की मुख्य बाजार गांधीनगर, दक्षिण दरवाजा देर रात तक गुलजार रही। मुख्य मार्ग के अलावा मोहल्लों व गलियों की शृंगार, प्रसाधन व खान-पान की दुकानों पर खरीदारों का तांता लगा रहा। बाजार में बड़ी संख्या में महिलाएं नजर आ रही थीं। कपड़े, जूते, श्रृंगार प्रसाधन, सेवईं की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। टोपी, रूमाल, इत्र आदि के बाजार में तेजी देखने को मिली। सड़क किनारे लगे रेडीमेड कपड़ों, चिकन के कुर्तो को भी लोग खरीद रहे थे।
---
मुख्य मस्जिदों व ईदगाह में नमाज की समय सारिणी
- ईदगाह, पक्का बाजार-7:30
- जामा मस्जिद पक्का बाजार- 8:00
- खैर मस्जिद, गांधी नगर- 8:00
- दारूल ऊलूम, दरिया खां- 7:00
- हुसैनी जामा मस्जिद, गांधी नगर- 9:00
- अजमेरी मस्जिद, अंजुमन पुरानी बस्ती- 6:45
- साबिरी मस्जिद, राजा मैदान- 7:30
- मसूदी मस्जिद, डफाली टोला- 8:00
- मक्का मस्जिद, घरसोहियां- 7:15
- कादिरी मस्जिद, मुरलीजोत- 8:00
- कर्बला मस्जिद, सदर अस्पताल- 8:00
- नूरी मस्जिद, पचपेड़िया- 8:30
- जामा मस्जिद, पुरानी बस्ती- 9:00
- गौसिया जामा मस्जिद, दक्षिण दरवाजा- 7:45
- रजा मस्जिद, शहीद नगर, पुरानी बस्ती- 9:00
- मीनारा मस्जिद, चिकवा टोला पुरानी बस्ती- 9:00
- मदीना मस्जिद, रेलवे स्टेशन रोड- 8:00
- शाही मस्जिद, पुरानी बस्ती- 8:00
- ईदगाह पुरानी बस्ती- 9:15
- जामिया हनफ़िया, गांधी नगर- 7:30
---
पाकिस्तानी और नायरा सूट की की मांग
- इस बार पाकिस्तानी और नायरा सूट की खरीदारी महिलाएं जहां बढ़-चढ़कर कर रही हैं। वहीं कढ़े हुए गरारा व शरारा की भी अधिक मांग है। गांधीनगर के कपड़ा व्यवसायी आमिर ने बताया कि सूट जहां दो हजार से चार हजार में बिक रहे हैं तो वहीं लगभग पांच हजार में गरारा व शरारा बिक रहा है। गर्मी को देखते हुए चिकन व सिल्क के भी सूट की खरीदारी महिलाएं खूब कर रही हैं।
-----------------
डिजाइनर कुर्तों की खूब रही पूछ
- रेडीमेड कपड़ा दुकानदार मुकेश अग्रवाल ने बताया कि कुर्ता की खरीदारी युवक बढ़-चढ़कर कर रहे हैं। कोलकाता, दिल्ली व लखनऊ के कुर्ते की मांग ज्यादा है। कपड़ों के दाम में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है लेकिन, इसका खरीदारी पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। कुर्ता-पाजामा एक हजार से लेकर पांच हजार तक के उपलब्ध हैं। ईद के लिए कुर्ता पायजामा की दुकानों पर ग्राहकों की अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। ग्राहक लखनऊ का चिकन वर्क किया हुआ कुर्ता पसंद कर रहे हैं। युवाओं को फैंसी स्टाइल का कुर्ता अधिक पसंद आ रहा है। इसके साथ ही पठानी सूट की भी मांग है। वहीं बुजुर्ग सफेद रंग के परंपरागत कुर्ता खरीद रहे हैं।

-------
15 हजार तक में नायरा शूट
- कपड़ा व्यवसायी मो. उस्मान ने बताया कि दुपट्टा में चौरस शीशा, मल्टी झालर, बनारसी दुपट्टा, फूलकारी दुपट्टा, चाइना फुंदा आदि की अधिक मांग है। इस बार महिलाओं के लिए बहुत से डिजाइनर कपड़े आए हैं, लेकिन सबसे अधिक मांग नायरा सूट की रही। एक से लेकर 15 हजार तक का नायरा सूट बिका।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed