Basti News: रिंग रोड निर्माण का रास्ता साफ, काश्तकारों के लिए आई 80 करोड़ की पहली किस्त
रिंग रोड के प्रथम फेज की सड़क बनाने के लिए प्रथम फेज में कुल 111 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। विशेष भूमि आधिपत्य कार्यालय से इन जमीनों का मूल्यांकन कर लिया गया है। 54 गांवों के 8 हजार काश्तकारों से यह भूमि रजिस्ट्री कराई जाएगी।
विस्तार
बस्ती शहर के चारों तरफ प्रस्तावित रिंग रोड के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रथम फेज में 22.15 किमी लंबाई में बनने वाले फोरलेन सड़क के लिए 54 गांवों की अवार्ड प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से काश्तकारों के लिए डिमांड की गई 80 करोड़ रुपये की पहली किस्त उपलब्ध करा दी गई है। 22 जनवरी को अयोध्या में श्री रामलला के नव्य मंदिर में विराजने के बाद बैनामा की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि फरवरी में निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा।
रिंग रोड के प्रथम फेज की सड़क बनाने के लिए प्रथम फेज में कुल 111 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। विशेष भूमि आधिपत्य कार्यालय से इन जमीनों का मूल्यांकन कर लिया गया है। 54 गांवों के 8 हजार काश्तकारों से यह भूमि रजिस्ट्री कराई जाएगी।
इन काश्तकारों में कुल तीन सौ करोड़ रुपये मुआवजा वितरित होना है। पहला डिमांड 80 करोड़ का दिसंबर 2023 में भेजा गया था। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने यह धनराशि उपलब्ध करा दी है। एक सप्ताह बाद जमीनों की रजिस्ट्री शुरू हो जाएगी।
छह माह से चल रही थी अधिग्रहण की प्रक्रिया
बस्ती रिंग रोड को लेकर जुलाई 2023 से अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। जमीनों के चिह्नांकन (थ्री- डी) की कार्रवाई पूरी होने के बाद विशेष भूमि आधिपत्य विभाग ने मूल्यांकन (अवार्ड) की प्रक्रिया शुरू की। परियोजना बड़ी होने के नाते इस कार्य में काफी समय लगा। दिसंबर के आखिर में जब जाकर अवार्ड की प्रक्रिया पूरी हुई। प्रथम फेज की सड़क के लिए जमीन उपलब्ध कराने में तीन सौ करोड़ की आवश्यकता पड़ेगी। जिसका डिमांड किश्तों में भेजा जा रहा है।
इन विभागों से भी लिया गया मूल्यांकन रिपोर्ट
विशेष भूमि आधिपत्य विभाग की ओर से अधिग्रहण क्षेत्र में पड़ने वाली वन विभाग, पीडब्ल्यूडी, जलनिगम, विद्युत आदि विभागों से संबंधित संपत्तियों के मूल्यांकन की रिपोर्ट ली गई है। इसके आधार पर मुआवजे के बजट का आंकलन किया गया है। धन उपलब्ध होने के बाद जमीनों की रजिस्ट्री कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
1138.72 करोड़ लागत से बननी है फोरलेन रिंगरोड
रिंग रोड शहर से दस किलोमीटर दूर गोटवा बाजार से शुरू होकर हड़िया चौराहे होते हुए फिर उसी स्थान पर ले जाकर समाप्त की जाएगी। प्रथम फेज में इस सड़क की लंबाई 22.15 किलोमीटर हैं। फोरलेन के मानक के अनुसार 22 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण होना है। इसके लिए 45 मीटर चौड़ाई में जमीनों का अधिग्रहण किया जाएगा। कुछ जगहों पर जहां पुल, कांपलेक्स, पार्किंग, टोल प्लाजा आदि का निर्माण प्रस्तावित है वहां 60 मीटर चौड़ी जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इस तरह प्रथम फेज में 111 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित होगी। जमीनों के मुआवजा समेत सड़क की कुल लागत 1138.32 करोड़ रुपये निर्धारित है।
इन गांवों से गुजरेगी रिंग रोड
सदर तहसील के ग्राम पंचायत बकैनियाद्वीप, बक्सर, बल्लीपट्टी, बनकटा, बरवनियां, बायपोखर, बेलवाडाड़, भदेश्वरनाथ, भटहा, देवराव खास, देवरिया, डीघा, गोटवा, कड़रखास, कटया, खुटहन, कोपवा, कोपिया, मछिया, निविया, नौगढ़, ओठगनपुर कला, पचौरा, परसाजाफर, परसा डफाली, परसादपुर, पिपरा मेघउ, पोखरभिटवा, पुरैना, राजा चक, राजाजोत, रिठौली, सबदेइया कला, समसपुर व सेखुई आदि ग्राम पंचायत शामिल हैं।
सांसद हरीश द्विवेदी की पहल पर वर्ष 2015 में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने यहां कलवारी में जनसभा के दौरान शहर के चारों तरफ रिंग रोड बनाए जाने की घोषणा की थी। इस प्रस्ताव को 2023 में स्वीकृति मिली। इसी साल केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने इस सड़क का शिलान्यास भी किया था।
पूरी कर ली गई है टेंडर प्रक्रिया
रिंग रोड सड़क के लिए कार्यदाई एजेंसी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने टेंडर की प्रक्रिया पहले से पूरी कर रखी है। इंतजार था तो सिर्फ जमीन उपलब्ध होने का। यह प्रक्रिया भी अब पूरी हो गई है। इस माह के अंत तक बैनामा शुरू हो जाएगा। जबकि फरवरी में निर्माण कार्य प्रारंभ करने तैयारी चल रही है।
विशेष भूमि आधिपत्य कार्यालय के डिमांड पर जमीनों की रजिस्ट्री के लिए 80 करोड़ की पहली किश्त उपलब्ध करा दी गई है। 22 जनवरी के बाद काश्तकारों में मुआवजा बंटना शुरू हो जाएगा। सड़क की टेंडर और डिजाइनिंग की प्रक्रिया पूरी है। फरवरी से निर्माण प्रारंभ करा दिया जाएगा।-रोहित श्रीवास्तव, अभियंता, मोर्थ एनएचएआई।
रिंग रोड के लिए प्रथम फेज के 54 गांवों की अवार्ड की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। डिमांड के अनुसार मुआवजे की पहली किश्त आ गई है। अगले सप्ताह से वितरण शुरू हो जाएगा।-रमेश यादव, विशेष भूमि आधिपत्य अधिकारी।