सेवानिवृत्त रेलकर्मी के घर से जेवरात व नकदी चोरी
टिनिच (बस्ती)। गौर थानाक्षेत्र के टिनिच चौकी क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सेवानिवृत्त रेलकर्मी के घर को चोरों ने खंगाल लिया। शौचालय के छत के सहारे भीतर घुसे चोरों ने लाखों रुपयों के जेवर, नकदी व अन्य जरूरी कागजात लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी भोलानाथ शुक्ल रेलवे में जेई के पद पर कार्यरत थे। वर्ष-2016 में वह सेवानिवृत्त होकर घर आए गए और परिजनों के साथ रहने लगे। बृहस्पतिवार को वह पत्नी के साथ किसी काम से लखनऊ गए थे। घर पर उनके छोटे बेटे बद्रीनाथ शुक्ल सहित चार लोग मौजूद थे। चूंकि परिवार सदस्यों की संख्या कम थी, इसलिए लोग भोजन कर नीचे ही सो गए। आधी रात के बाद घर के पीछे बने शौचालय की छत के सहारे चोर ऊपर वाले कमरे में घुस गए। वहां रखा बॉक्स, अटैची आदि तोड़कर उसमें रखा चेन, मंगलसूत्र, अंगूठी, दस हजार नकद चुरा ले गए। सुबह जब वह ऊपर कमरे में गए तो नजारा देखकर सन्न रह गए। बद्रीनाथ ने बताया कि उनकी छह वर्षीय बेटी शुभि का मेडिकल किट भी चोर उठा ले गए थे। शुभि के कान का एक वर्ष पूर्व ऑपरेशन हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक गौर पंकज गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है।