तंगी की वजह से जहर खाने की चर्चा
बस्ती। कुम्हिया के सुरेश पाल और उनकी पत्नी की मौत को लेकर कई तरह की चर्चा है। हालांकि सगे-संबंधी एवं परिवार के लोग आर्थिक तंगी से खुदकुशी करने की दलील दे रहे हैं। लेकिन 19 वर्षीय रिया सिर्फ शादी की चिंता में सल्फास की गोली खा लेने की नौबत क्यों आई, इसे लेकर संदेह व्यक्त कर रही है। एसपी हेमराज मीणा का कहना है कि दूसरी कोई वजहा फिलहाल सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक पुख्ता तौर पर कुछ कहा नहीं जा सकता है। अपनी 40 वर्ष की उम्र तक सुरेश पाल सऊदी अरब रहते थे। तब तक घर की स्थिति काफी अच्छी थी। उसी दौरान पक्का मकान बनवाया। 20 वर्ष पहले विदेश छोड़ने के बाद जब कमाई का जरिया बंद हो गया तो उनकी आर्थिक स्थिति खराब होने लगी। बड़ी बेटी की शादी तो कर चुके थे, लेकिन छोटी बेटी के हाथ पीले करने की चिंता सता रही थी। बेटा, बहू दोनों का कहना है कि मंगलवार सुबह नाश्ता करने के बाद दोनों लोग अपने कमरे में आराम करने चले गए। दोपहर के समय बहू भोजन के लिए बुलाने लगी तो उन लोगों ने भोजन न करने की इच्छा बताते हुए कहा कि अभी आराम करने दो। शाम को जब पुनीत घर आया तो माता-पिता को पुन: भोजन के लिए बुलाया जाने लगा। मगर न तो कमरे का दरवाजा खुला, न अंदर से कोई आवाज आई। तब पास-पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।