फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   चाय की चुस्कियों में बनाए जा रहे हैं दलों के प्रत्याशी

चाय की चुस्कियों में बनाए जा रहे हैं दलों के प्रत्याशी

Tue, 19 Mar 2019 10:11 PM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Tue, 19 Mar 2019 10:11 PM IST
विज्ञापन
चाय की चुस्कियों में बनाए जा रहे हैं दलों के प्रत्याशी
फोटो
विज्ञापन

चाय की चुस्कियों में बनाए जा रहे हैं दलों के प्रत्याशी
सपा-बसपा गठबंधन को छोड़ बाकी राजनीतिक दलों में सन्नाटा
गठबंधन की बयार में उड़ गई जिला कांग्रेस की दावेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। लोकसभा चुनाव का महात्योहार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मंगलवार से शुरू हो गया। जागरूक मतदाता भी हालात पर चर्चा करने लगे हैं। जिले में राजनीतिक दलों के चुनावी चेहरे सिर्फ सपा-बसपा गठबंधन को छोड़कर अभी सामने नहीं आए। मतदाता चाय की चुस्कियों के बीच प्रत्याशियों की दावेदारी अपने हिसाब से करने लगे हैं।
विक्रमजोत ब्लॉक क्षेत्र के प्रमुख कस्बे विक्रमजोत, छावनी, मलौली गोसाईं, केनौना, अमोढ़ा, पटकापुर में चाय और पान की दुकानों पर कौन किस पार्टी से टिकट ले आएगा का मुद्दा ज्यादा छाया है। लोग अपने-अपने हिसाब से प्रत्याशी भी चयनित कर रहे हैं। किस दल से कौन प्रत्याशी बनाया जाएगा इस पर ज्यादा ध्यान नहीं बल्कि प्रत्याशी की सुलभता को लोग तवज्जो देते हैं। जिसके बाद चर्चा में सीधे राष्ट्रीय राजनीति को लेकर आकलन शुरू हो जाता है। विक्रमजोत के ध्रुव जलपान केंद्र पर मंगलवार को पूर्व प्रधानाचार्य राजनारायण सिंह चाय के दौरान बोल उठते हैं कि सभी दलों में दलदल है फिर भी भाजपा सरकार को एक मौका दिया जाना चाहिए। जिससे वह पाकिस्तान को ठीक कर सके। वहीं, चंद्रपालिया निवासी सुभाष चौबे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सहमति जताते हैं लेकिन क्षेत्र की तमाम समस्याओं जिनके निस्तारण का वादा चुनाव में किया गया था उसे पूरा नहीं होने का प्रश्न उठाते हैं। कवलपुर निवासी अशोक सिंह का कहना है कि विक्रमजोत को न तहसील बनाया गया न ही वीडी बांध पर से सटे हमारे खेतों को सुरक्षित किया गया। जिसकी मांग किसान पिछले चुनाव से करते आ रहे हैं। नेतवरपट्टी निवासी सेवामुक्त अध्यापक महावीर तिवारी का कहना है कि पुरानी पेंशन बहाली और नए अध्यापकों की भर्ती जैसे तमाम कर्मचारी हितों के मुद्दों पर आज भी असमंजस कि स्थिति बनी है। राष्ट्रीय हितों को देखते हुए मजबूत सरकार चुननी होगी। विक्रमजोत निवासी देवधर दुबे कहते हैं कि सपा-बसपा गठबंधन के आने से जीत पक्की हो गई है। सरकार के वादे सिर्फ दिखावे साबित हुए हैं । पुलिस चौकी, थाने, ब्लॉक पर बिना सुविधा शुल्क काम होना मुश्किल है। किराना व्यवसायी नंदलाल कसौधन, प्रदीप अग्रहरि, गुलाबचंद, श्याम नारायण, मदन लाल जयसवाल आदि संभावित प्रत्याशियों पर चर्चा शुरू कर देते हैं। कहते हैं कि व्यापारी हितों को देखने वाला रहनुमा चाहिए। भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष द्वारिका नाथ पांडेय कहते हैं कि विक्रमजोत को तहसील और हर्रैया को जिला घोषित करने के पक्ष का प्रत्याशी चाहिए।
विज्ञापन


फोटो
मतदान करने के लिए लोगों को दिलाई गई शपथ
एडीओ पंचायत के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
भानपुर। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत मंगलवार को रामनगर ब्लॉक मुख्यालय पर एडीओ पंचायत नवनीत मिश्रा ने लोगों को शपथ दिलाई।
जिले में लोकसभा 2019 के तहत 12 मई को मतदान होना है। जन जागरूकता के साथ ही लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने की अपील की गई। स्वतंत्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर सुनील कुमार शर्मा, अर्जुन चौधरी, राम संवारे, सुमिरन प्रसाद, संजय श्रीवास्तव, दीपक कुमार, राघव प्रसाद, अयोध्या नाथ तिवारी, राजबली मौर्या, मुस्तकीम, राम बचन गिरी, राम मणि, राजेन्द्र पाण्डेय, कुंवर वीरेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन


फोटो
सोनहा, रुधौली और वाल्टरगंज में मार्च
एसएसबी जवानों संग स्थानीय पुलिस ने कस्बों में गश्त की
शांतिपूर्ण त्योहार और चुनाव के लिए सुरक्षा का भरोसा दिलाया
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। शांतिपूर्ण होली त्योहार मनाने, निर्भीक होकर मतदान करने करने के लिए पुलिस संग सुरक्षा बलों ने मार्च कर सुरक्षा का अहसास कराया। सीओ और एसओ के साथ सुरक्षा बलों ने मंगलवार को सोनहा, रुधौली और वाल्टरगंज क्षेत्रों में भ्रमण कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की। भानपुर प्रतिनिधि के मुताबिक सीओ रुधौली शिव प्रताप सिंह व प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्र ने सशस्त्र सीमा बल के कमांडर बृज मोहन के साथ मार्च किया। लोगों से चुनाव आचार संहिता का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस अथवा अधिकारियों को देने की अपील की। सीओ ने होली त्योहार को सौहार्द पूर्ण वातावरण में आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की भी अपील की। आगामी12 मई को बिना किसी भय के निष्पक्ष होकर मतदान करने की गुजारिश की। सोनहा, रामपुर मुडरी, सल्टौआ, भानपुर, रामनगर, नरखोरिया, असनहरा, मोहम्मद नगर होते हुए दुबौली पड़ाव तक मार्च किया।
रुधौली प्रतिनिधि के मुताबिक चुनाव की तिथियां घोषित होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो चुकी है। ऐसे में मतदाताओं को जागरूक करने एवं उनको सुरक्षा देने तथा निष्पक्ष मतदान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए थाना प्रभारी रामपाल यादव के साथ सुरक्षा बलों ने मार्च निकाला। नगहरा नगहरी, सुरवार कला, बांसखोर, हसनी, भीटारामसेन, बहादुरपुर, बारीजोत, कस्बा रुधौली समेत अन्य गांवों में लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया।
मानिकचंद प्रतिनिधि के मुताबिक वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न् चौराहों, कस्बों, बाजारों में एसएसबी व स्थानीय पुलिस ने मार्च किया। सुरक्षा बल भिटिया, दौलतपुर, कंचनपुर, पड़िया चौराहा, परसालालशाही, मझौआमीर, जमदाशाही, विछियागंज, मुस्तफावाद, सरैया, भादी खुर्द, पैड़ा खरहरा, महुंआरी तक पहुुुंचे। साथ में एसडीएम रुधौली अयोध्या प्रसाद व सीओ सिटी आलोक कुमार सिंह ने भयमुक्त मतदान करने की अपील की। चाय पान की दुकानों पर बैठे ग्रामीणों से चुनाव में सुरक्षा संबंधी जानकारी भी लेते रहे। थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार शाही को निर्देशित किया कि नियमित वाहनों की जांच करें। एसएसबी के सहायक कमाडेंट एमपी मिश्रा ने कहा कि जहां भी आवश्यक हो मदद लें।

फोटो
कांग्रेस में बगावत के सुर, प्रदर्शन कर मांगा पार्टी का प्रत्याशी
गुस्से में कार्यकर्ता, दूसरे दल के प्रत्याशी का प्रचार मंजूर नहीं
समझौते में राष्ट्रीय जन अधिकार पार्टी के हिस्से में बस्ती सीट
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सालभर से बूथ स्तर पर मजबूती के लिए कसरत कर रहे कांग्रेसियों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। गठबंधन में बस्ती लोकसभा क्षेत्र जन अधिकारी पार्टी के खाते में जाने के बाद मंगलवार को प्रदर्शन कर पार्टी से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की है।
कांग्रेस हाईकमान का राष्ट्रीय जन अधिकार पार्टी से समझौता दो दिन पहले हो चुका है। बस्ती लोकसभा सीट जन अधिकार पार्टी में जाने से असंतोष फैल गया। जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत तमाम कांग्रेसी दो दिन लखनऊ में डेरा डाले रहे। पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी से जिले में कांग्रेस की मजबूती का हवाला दिया। लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ तो मंगलवार को पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन पर विरोध प्रदर्शन कर केन्द्रीय नेतृत्व का ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्रत्याशी बदले जाने की मांग की है। उपाध्यक्ष प्रेमशंकर द्विवेदी ने कहा कि बस्ती लोकसभा से गठबंधन का प्रत्याशी घोषित किये जाने से कांग्रेसजनों की भावनाएं आहत हुई हैं। बस्ती में जनाधिकार पार्टी का न कोई जनाधार है और न ही प्रत्याशी को कोई पहचानता है। वरिष्ठ कांग्रेसी नर्वदेश्वर शुक्ला ने कहा कि बस्ती से जिन लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है उनमें किसी एक के नाम की घोषणा होने पर पूरी कार्यकारिणी उसे चुनाव जिताने का प्रयास करेगी। लेकिन बाहरी और गठबंधन प्रत्याशी किसी भी दशा में मंजूर नहीं है।

इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। लोग सामूहिक इस्तीफे की बात कर रहे थे। वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने इस संदर्भ में एक बार मिलकर प्रियंका गांधी को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने की बात करने पर लोगो शांत हुए। अंत में सर्वसम्मति से प्रत्याशी बदलने का प्रस्ताव केन्द्रीय नेतृत्व को भेजा गया। डॉ. मानिकराम मिश्रा, डॉ. बीएच रिजवी, डॉ. शीला शर्मा, ज्योति पाण्डेय, नीलम विश्वकर्मा, आदित्य त्रिपाठी, मो. रफीक, शिवशंकर, अतीउल्लाह सिद्दीकी, विवेकानंद मिश्रा, शरद मिश्रा, गिरजेश पाल, कुंवर जितेन्द्र सिंह, शकुन्तला देवी, राधिका देवी, सोहन सिंह, गोपाल पाण्डेय, राना दिनेश प्रताप सिंह, कपिलदेव सिंह, जगप्रसाद तिवारी, सुरेन्द्र पाण्डेय, आकाश आर्या, संदीप श्रीवास्तव, दुर्गेश त्रिपाठी, शिवविभूति मिश्रा, कर्नल एके सिंह, लाबोनी सिंह, देवता देवी, परवेज अहमद, डा. वाहिद, रवि श्रीवास्तव, विनय विश्वकर्मा, सूर्यमणि पाण्डेय, मनोज सिंह, रमेश उपाध्याय, अलीम अख्तर, शौकत अली, शेषमणि उपाध्याय, गुड्डू सोनकर आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed