फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   भदेश्वरनाथ पहुंचने लगे कांवड़िए, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

भदेश्वरनाथ पहुंचने लगे कांवड़िए, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Tue, 07 Aug 2018 11:53 PM IST
Updated Tue, 07 Aug 2018 11:53 PM IST
विज्ञापन
भदेश्वरनाथ पहुंचने लगे कांवड़िए, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
भदेश्वरनाथ पहुंचने लगे कांवड़िए, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
विज्ञापन

फोटो..
चौतरफा अलर्ट, जगह-जगह बदले गए मार्ग
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। भले ही शिवरात्रि कांवड़ यात्रा जलाभिषेक मुहूर्त आठ व नौ अगस्त मध्यरात्रि को 12 बजकर 5 मिनट से 12 बजकर 49 मिनट के बीच है, लेकिन 36 घंटे पहले ही भदेश्वरनाथ में शिवभक्तों की भीड़ पहुंच गई। अयोध्या के नए घाट से पवित्र सरयू से भरकर नंगे पांव जल लेकर आए कांवड़ यात्री यहां के भदेश्वरनाथ, तिलकपुर, कड़र खास, देवरिया माफी आदि जिले के 56 प्रमुख शिवमंदिरों में उसी दिन अपने आराध्य का जलाभिषेक करेंगे। लेकिन मंगलवार रात से ही अमहट व भदेश्वरानाथ के बीच का चार किलोमीटर का फासला मेले का आकार ले लिया। पूरब डारीडीहा से लेकर सोनूपार और पश्चिम अमहट तक गेरुआ रंग में रग गया। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार पांच लाख से ज्यादा कांवड़ यात्री भदेश्वरनाथ सहित प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए यूं तो महीने भर से होमवर्क किया जा रहा है, लेकिन कहीं कोई चूक न रह जाए, इससे आश्वस्त होने के लिए मंगलवार को डीएम डॉ. राजशेखर के नेतृत्व में प्रशासनिक व पुलिस का अमला मंदिर पहुंचा। सुरक्षा नियंत्रण की व्यवस्था को चेक किया। छोटी-मोटी कमियां जहां भी पाई गईं, उसे समय रहते ठीक करने का निर्देश दिया गया।

फोटो
गांधीगीरी पर भी मनमानी कर रहे कांवड़िए
चुपके से निकले वाहन चालकों से बदसलूकी
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। कांवड़ यात्रियों के लिए इस बार पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह स्टॉल लगाए गए हैं। पुलिसकर्मी आवभगत में कोई कोर-कसर भी नहीं छोड़ रहे हैं। मंगलवार को बड़ेवन हाईवे पुल के नीचे कोतवाली पुलिस की ओर से भंडारा शुरू हुआ।
विज्ञापन

डीएम डॉ. राजशेखर, एसपी दिलीप कुमार, एएसपी पंकज, सदर एसडीएम व तहसीलदार आदि की मौजूदगी में शिविर का शुभारंभ हुआ। पूड़ी, सब्जी, हलुआ, चाय आदि कांवड़ियों को खिलाया गया। पूरी प्रशासनिक और पुलिस अमला गांधीगीरी पर है लेकिन आगे बढ़ते ही कांवड़िए मनमानी पर उतर आते हैं। बढ़ती भीड़ देखते हुए मंगलवार को डीएम और एसपी ने भद्रेश्वरनाथ मन्दिर में लगे सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

विक्रमजोत प्रतिनिधि के मुताबिक छावनी थानाक्षेत्र के 17 किमी लंबे फोरलेन पर कावड़ियों के हुजूम को नियंत्रित और विपरीत परिस्थितियों ने निपटने के लिए पुलिस ने इंतजाम किए लेकिन जत्था अयोध्या से जल भर कर वापसी में पूरे रास्ते में विपरीत दिशा में आते-जाते वाहनों और दुकानदारों को अपना शिकार बना रहे हैं। रात में पटाखापुर स्थित अरविंद होटल के सामने बोलेरो को क्षतिग्रस्त कर दिया। होटल कर्मचारियों के साथ अभद्रता की। थानाध्यक्ष अरविंद शाही और चौकी प्रभारी दिनेश कुमार सरोज ने मामला शांत कराया।

बच्चे बेच रहे नशीले पदार्थ
विक्रमजोत। फोरलेन किनारे बच्चे पान-गुटखा व अन्य नशीले पदार्थ बेचते दिखे। मेज, चारपाई पर तमाम अस्थायी दुकानें हैं, जहां सामान के मनमाने रेट हैं। खतम सराय, पचवस सैनिक ढाबा और थाने के सामने सहायता केंद्र पर जलपान की व्यवस्था है। एसओ ने बताया कि जलपान के पांच स्टॉल हैं। महत्वपूर्ण चौराहों व कस्बों में सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। ढाबों और जलपान स्थलों पर रेट लिस्ट लगाने, कर्मचारियों को तय वेशभूषा में रहने की हिदायत का उल्लंघन देखा गया है।
इंतजार में भटक रहे कांवड़िए
महराजगंज। अयोध्या आने-जाने के लिए साधन की काफी किल्लत रही। इसके कारण खतरनाक ढंग से कांवड़िया टेंपो आदि पर लटके हुए निकले। कुछ ट्रक, ट्रॉली, पिकअप सहित जो भी साधन मिला उससे जल लेने गए। फुटहिया, गोटवा, महराजगंज, बिहरा गेट, संसारी पुर, भारत नगर, हर्रेया, महुघाट,बड़हर कला सहित प्रमुख चौराहों पर भीड़ रही। कपड़े, बिस्किट, मिठाई और पॉलिथीन की खरीदारी करते रहे।

बाइक टकराने से तीन कांवड़ यात्री घायल
छावनी और केशवपुर के पास हुए हादसे
पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। जलाभिषेक के लिए अयोध्या के सरयू तट से जल लेने निकले तीन कांवड़िए अलग-अलग हादसों में घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के बाद घर भेज दिए गए।
मंगलवार सुबह बस्ती के कप्तानगंज निवासी अमित कुमार बाइक से जल भरने के लिए अयोध्या जा रहे थे। साथ ही दूसरी बाइक पर भी अन्य साथी थे। छावनी थाने के पास अनियंत्रित होने से दोनों की बाइक आपस में टकरा गई, जिसमें अमित के हाथ-पैर में गम्भीर चोटें लगीं। हादसे की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही ने एम्बुलेंस आने में देरी होते देख दूसरे कावंर साथी की बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचाया। जहां इलाज के बाद वापस कर दिया गया। दूसरी घटना परशुरामपुर थाने के हाईवे स्थित केशवपुर के पास हुई। युवराज पैलेस के सामने अवैध डिवाइडर को पार कर रहे दूध विक्रेता राम नेवाज यादव का लड़का बंसू निवासी मुकुंदपुर कांवड़ यात्रियों को ले जा रहे टेंपो की चपेट में आ गया। जिससे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। केन का ढक्कन खुल जाने से सारा दूध सड़क पर बह गया। हादसे के बाद कांवड़ यात्री तेज गति से टेंपो लेकर भाग निकले। घायल रामनेवाज को एम्बुलेंस से सीएचसी विक्रमजोत लाया गया। स्थिति गंभीर होने से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय फैजाबाद रेफर कर दिया। जनपद सीमा पर वाहनों के आवाजाही पर रोक होने के कारण घायल के परिजनों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

ट्रॉली के नीचे दबकर कांवड़िया घायल
गौर थाने के बेलवरिया जंगल चौराहे पर हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गौर। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए शासन-प्रशासन से लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। मगर युवा मस्ती के चलते हादसे का शिकार हो जा रहे हैं। सोमवार रात घर से अयोध्या के लिए निकला कांवड़ यात्री ट्राली के नीचे दबकर घायल हो गया। उसका इलाज शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
सांवडीह गांव से भारी संख्या में सोमवार शाम कांवड़िए जल लेने के लिए ट्रॉली से अयोध्या जा रहे थे। हलुआ बाजार के पास बेलवरिया जंगल चौराहे पर पहुंचे थे कि ट्रॉली पर बैठा रामधनी (22) नीचे गिर गया। इससे ट्रॉली का पहिया उसके दोनों पैर पर चढ़ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन लोग उसे हलुआ स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग जिला मुख्यालय के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती करा दिए। ट्रॉली में बैठे अन्य कांवड़ियों ने बताया कि एक ट्रैक्टर के साथ दो ट्रॉली जोड़कर एक साथ बैठकर जा रहे थे। न जाने वह कैसे नीचे आ गया। साथी कांवड़िए के घायल होने पर पूरी टीम गांव वापस आ गई।

फोटो
श्रद्धा के आगे कम पड़ गई दूरी
सरयू के जल से भद्रेश्वरनाथ का करते हैं अभिषेक
कोई सपत्नीक तो कोई बच्चे के साथ उठा रहे कांवड़
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। श्रद्धा और विश्वास के आधार महादेव की भक्ति में सौ किलोमीटर की दूूरी भी बुजुर्गों और बच्चों के लिए कम पड़ गई है। अलग-अलग जिलों से अयोध्या के पवित्र तट से जल भर कर लौट रहे बालक और बुजुर्ग कांवड़ियों को देखकर हर कोई नतमस्तक है। मंगलवार को कांवड़ यात्रा में ऐसे बुजुर्ग दंपती और बच्चे मिले जो श्रद्धा, विश्वास और मिन्नत के चलते पैदल अयोध्या जाकर सरयू के पवित्र जल को भरकर बाबा भद्रेश्वरनाथ के जलाभिषेक के लिए निकले हैं।
संतकबीर की धरती के ग्राम पचदेवरी निवासी 75 वर्षीय रामनयन व उनकी पत्नी रीना (72) छह वर्षों से हर सावन में अयोध्या धाम से जल लेकर भद्रेश्वरनाथ में अभिषेक करते हैं। रामनयन कहते हैं कि भोले बाबा ने उन्हें बुलाया था और अब जब तक इस शरीर में शक्ति है वह इस क्रम को जारी रखेंगे। चेहरे पर तेज और आंखों में बाबा के दर्शन की आस लिए वे मंगलवार को सपत्नीक यहां पहुंचे। कहते हैं कि पुलिस सेवा कैंप में भोजन प्रसाद ग्रहण करने के बाद उनका अगला पड़ाव सीधे अयोध्या होगा। मंगलवार की रात में स्नान आदि करने के बाद कांवड़ लेकर भद्रेश्वरनाथ तक जाएंगे। बाबा की कृपा से उन्हें कभी कोई कष्ट नहीं हुआ।
मंगलवार को अयोध्या से जल लेकर आ रहे नगर थाना क्षेत्र के रमवापुर कला गांव के 70 वर्षीय संतमणि ने बताया कि एक मुकदमा जीतने के लिए मनौती की थी। जीतने के बाद से छह सालों से कांवड़ उठा रहा हूं। बताया कि पहली कांवड़ यात्रा पूरी की तो अगले ही साल बाबा ने जीत दिला दी। तभी से हर साल अयोध्या जाकर जल लाता हूं। मुंडेरवा क्षेत्र के किठुरी गांव की 65 वर्षीय सोना देवी ने बताया कि पांच साल से लगातार कांवड़ उठा रही हूं। इससे मन को शांति मिलती है। भोलेनाथ की कृपा से दूरी का पता नहीं चलता है। सोनहा थाना क्षेत्र के कोठीली गांव की 75 वर्षीय मुलका देवी ने बताया कि परिवार सुखी रहे इसी मनोकामना के लिए कांवड़ मेला में जाती हूं। रुधौली थाना क्षेत्र नकथर गांव के निरंजन प्रजापति और पत्नी सुमन के साथ चार साल के देवी ने भी कांवड़ उठाया है। अपने माता-पिता के साथ रुधौली गांव नकथर गांव के निरंजन प्रजापति का चार साल का बेटा देवी प्रसाद अयोध्या से पैदल कांवड़ यात्रा कर रहा है। चार साल के भोले भक्त की इस तपस्या पर हर कोई आश्चर्य में है। बालक के विश्वास की सबने सराहना की।

भोले के भक्तों की सेवा में जुटी रही पुलिस
फोटो
कहीं पुष्प वर्षा की तो कहीं मीठा खिलाया गया
भोजन, दवा और सुविधाओं के लगाए स्टॉल
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। सकुशल कांवड़ यात्रा रहे, इसके लिए अब वर्दी वाले भी भक्ति में रम गए हैं। कहीं पुष्प वर्षा तो कहीं मिठाई खिलाने के साथ साथ भोजन, चाय व दवाओं के स्टॉल पर पुलिस कर्मी भोले भक्तों की सेवा करते दिख रहे हैं।
मंगलवार सुबह से ही पुलिसकर्मी भोले के भक्तों की सेवा में जुट गए। फोरलेन के बड़ेवन पुल के नीचे कोतवाली की तरफ से सेवा स्टॉल लगाया गया। डीएम डॉ. राजशेखर, एसपी दिलीप कुमार समेत प्रशासनिक और पुलिस अफसरों ने कंवाड़ यात्रियों में पूड़ी, सब्जी, चाय, हलुआ आदि का वितरण किया। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक सीओ हर्रैया राहुल पांडेय ने रजौली के ओम बाला जी ढाबा पर प्रभारी निरीक्षक कपिलमुनि सिंह के साथ कांवड़ियों को जलपान कराकर बाबा भद्रेश्वरनाथ के लिए रवाना किया। वहीं जल लेकर ट्राई साइकिल से आ रहा दिव्यांग भक्त राम सुख सीओ के हाथों स्वागत से गदगद दिखे। अतुल ओझा, इंद्रसेन कुमार और राजेश कुमार आदि भी सहयोग में रहे।
विक्रमजोत और छावनी प्रतिनिधि के मुताबिक पुलिस की तरफ से पचवस, छावनी और खतमसराय में सहायता केंद्र बनाए गए हैं। शिव भक्तों को मिठाई और भोजन बांटा जा रहा है। सेवा और सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस सच में ऐसा काम करेगी यह लोगों में चर्चा का विषय है। इन स्टॉलों पर एक दरोगा, पांच कांस्टेबल तैनात हैं जो कांवड़ यात्रियों की निगरानी भी कर रहे हैं।

जगह-जगह लगाए गए हैं स्टॉल
होटल, ढाबों को छोड़कर निशुल्क जलपान केंद्रों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ जुट रही है। पचवस में सैनिक ढाबा पर पुलिस स्टाल के आयोजक सुनील सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष छावनी के आदेश और आर्थिक सहयोग से सोमवार से स्टॉल पर पूड़ी सब्जी मिठाई और शुद्ध पानी की व्यवस्था की गई है। कई बार जिले के वरिष्ठ अधिकारी स्टाल पर आकर भोजन वितरण में सहयोग कर रहे हैं। सुबह सीओ राहुल पांडेय ने भी घंटों प्रसाद वितरण किया।

महिला कांवड़ियों को असुविधा
महिलाओं की संख्या देखते हुए प्रशासन ने अस्थाई शौचालयों की व्यवस्था नहीं की है जिससे महिला कांवड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फोरलेन के किनारे के बसे घरों से सहयोग मांगती महिला यात्री देखी जा रही हैं। इसके अलावा रूक रूक कर बारिश होने से जहां कांवड़िए रुक रहे हैं, वहां गंदगी भी फैल रही है। एडीओ पंचायत आनंद स्वरूप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रति किमी एक सफाई कर्मी की तैनाती की गई है।

फोटो...
मेला परिसर की दुकानों का सत्यापन नहीं
मंदिर से डारीडीहा तक डेढ़ हजार अस्थाई दुकानें
जायजा लेकर लौटे डीएम ने जारी किया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। कांवड़ यात्रियों के वेश में आतंकी पहुंचने का खतरा भांपकर सुरक्षा एजेंसियां तमाम इंतजाम करने का दावा कर रही हैं, लेकिन मेले में हफ्ते भर पहले से पहुंच रहे दुकानदारों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। मंदिर के पूर्वी हिस्से में नवनिर्मित वाटर ट्यूबवेल और नए नलकों (टोटियों) का उद्घाटन करने के बाद डीएम डॉ. राजशेखर ने इस पर गौर फरमाया। कहा कि सूचनाएं 24 घंटे में एकत्र कराई जा रही हैं।
नौ अगस्त को पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं के भद्रेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक और मेला घूमने आने का अनुमान है। प्रशासन का अनुमान है कि इस बार भीड़ अपेक्षाकृत ज्यादा होगी। इस परिप्रेक्ष्य में साथ ही परिसर में भी चार-पांच सौ छोटी-बड़ी दुकानें लगी हैं। सिलसिला अब भी चल रहा है। कौन लोग हैं, कहां से आकर दुकानें लगाए हैं, इसकी जानकारी न तो मंदिर कमेटी को है और न ही पुलिस के संज्ञान में। मंगलवार को डीएम से पूछने पर आनन-फानन दुकानदारों की डिटेल खंगाली जाने लगी।


फोटो..
आठ को रात 12.08 बजे से शिवरात्रि मुहूर्त
बृहस्पतिवार दोपहर 01.02 बजे तक पुण्यकाल
नौ अगस्त को 56 मंदिरों पर शिवभक्तों की बारात
अमर उजाला ब्यूूरो
बस्ती। कांवड़ यात्रा जलाभिषेक मुहूर्त नौ अगस्त बृहस्पतिवार को कृष्णपक्ष चतुर्दशी को है, जिसे विद्वानों ने शिव और शक्ति को प्रसन्न करने का सर्वोत्तम अवसर माना है। बताया गया है कि शिव की पूजा प्रदोष काल में सूर्यास्त से लेकर मध्य रात्रि के बीच होती है। इस बार मास शिवरात्रि शुभ मुहूर्त 08 व नौ अगस्त की रात्रि 12 बजकर 09 मिनट से लेकर अगले दिन दोपहर 1 बजकर 02 मिनट तक है। हालांकि नौ अगस्त को प्रात: 4 बजे से 8:47 तक जलाभिषेक का उत्तम मुहूर्त माना गया है।
शास्त्रों के हवाले से आचार्य ओम प्रकाश शास्त्री ने धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मासिक शिवरात्रि के दिन शिवलिंग रूप में प्रकट होते हैं। माना जाता है कि इस दिन लक्ष्मी, सरस्वती और सीता-सावित्री आदि ने भी शिव को प्रसन्न करने के लिए व्रत किया था। भद्रेश्वरनाथ मंदिर के जय प्रकाश गिरी का कहना है कि वर्ष में दो दिन ऐसे होते हैं, जिनमें भोले की पूजा करने से मनुष्य को पूरे साल पूजा का पुण्य मिल जाता है। इनमें एक है महाशिवरात्रि और सावन की शिवरात्रि। सावन की शिवरात्रि का बड़ा ही महत्व है, क्योंकि इसमें व्रत रखने वालों के पाप का नाश होता है। इस बार सावन शिवरात्रि गुरुवार नौ अगस्त 2018 को मनाई जाएगी।

नौ अगस्त को होगा शिवरात्रि का शुभ मुहूर्त
आचार्य ओम प्रकाश शास्त्री के अनुसार नौ अगस्त गुरुवार को शिवरात्रि निशिथ काल पूजा का समय मध्यरात्रि 12 बजकर 05 मिनट से 12 बजकर 49 मिनट तक है। इसमें व्रत पारण का समय 10 अगस्त 2018 को सुबह 05:52 से 15:44 तक रहेगा। चतुर्दशी तिथि का प्रारंभ 9 अगस्त रात्रि 22:45 से प्रारंभ होगा, जिसका समापन 10 अगस्त 2018 को 19:07 पर होगा। शुक्रवार 10 अगस्त को सावन शिवरात्रि पारण का समय प्रात: 05:51 से 15:42 तक रहेगा। इस समय के अतिरिक्त प्रात: 4 बजे से 8:47 तक जलाभिषेक का उत्तम मुहूर्त माना गया है।


दुर्घटनाओं में पांच कांवड़ यात्री घायल
सभी को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को अलग-अलग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है। हर्रैया थाना क्षेत्र के बड़हर कला गांव के निकट कांवड़ का जल लेकर आ रहे नगर थाना क्षेत्र के चन्दों गांव निवासी संत कुमार (26) ट्रॉली से गिरकर घायल हो गए। दोनों पैर फ्रैक्चर हो गया है। संसारीपुर के निकट डिवाइडर से टकराकर गोटवा बाजार के दो कांवड़िए घायल हुए हैं। कप्तानगंज कस्बे में दोपहर 12 बजे साइकिल सवार बुजुर्ग कमला प्रसाद चौधरी (70) बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए। मंगलवार शाम करीब छह बजे महराजगंज कस्बे में ट्रॉली से गिरकर सोनहा थाने के नोगढ़वा गांव के शिवपूजन (27) घायल हो गए। शाम करीब 6:30 बजे महराजगंज कस्बे के फ्लाईओवर पर ट्राली की चपेट में आने से कलवारी के राहुल (27) घायल हो गए। महराजगंज कस्बे के प्रधान विनोद कसौधन और जगदीश अग्रहरि ने घायलों को सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया।

स्कूल गेट का पिलर ढहा, छात्रा की मौत
गांव के स्कूल गेट के बगल से कांवड़ देख रही थी
कप्तानगंज के कटरी में है माध्यमिक विद्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कटरी गांव में सरदार वल्लभ भाई पटेल पूर्व माध्यमिक स्कूल गेट का पिलर गिरने से छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई।

हादसा सोमवार करीब तीन बजे हुआ। कटरी गांव की नन्दनी (10) पुत्री श्याम सुंदर गांव के चौराहे पर पूर्व माध्यमिक स्कूल के गेट के बगल खड़ी होकर अन्य बच्चों के साथ कांवड़ मेला देख रही थी। तभी अचानक स्कूल के गेट का पिलर गिर गया। जिसकी जद में आई नन्दनी को गम्भीर चोट लगी। परिवार के लोग ने आनन-फानन घायल नंदनी को जिला अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान सोमवार रात नन्दनी की मौत हो गई। नन्दनी गांव के प्राथमिक स्कूल में पांचवीं की छात्रा थी। घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक शतानंद पांडेय ने बताया मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed