Pilibhit News: खरजा नहर में डूबा बरेली का युवक, दोस्तों के साथ नहाने गया था; तलाश में जुटी एसएसबी की टीम
पीलीभीत के कलीनगर इलाके में खरजा नहर में नहाते समय 21 वर्षीय मनीष डूब गया। वह दोस्तों के साथ घूमने आया था। गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ।
विस्तार
पीलीभीत के कलीनगर तहसील क्षेत्र में एसएसबी कैंप के पास शारदा सागर डैम से निकलने वाली खरजा नहर में शनिवार को नहाते समय एक युवक डूब गया। युवक अपने आठ दोस्तों के साथ घूमने के दौरान नहर में नहाने पहुंचा था। गहरे पानी में जाने के कारण वह डूब गया। सूचना पर सिंचाई विभाग और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची और मोटरबोट के जरिए युवक की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
बरेली के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव डारिया बीरम नगला निवासी मनीष उर्फ आकाश राठौर (21 वर्ष) पुत्र बहादुर अपने आठ दोस्तों के साथ घूमने आया था। बताया जाता है कि सभी युवक पहले डैम क्षेत्र में घूमे और उसके बाद खारजा नहर में नहाने चले गए। नहाते समय मनीष उर्फ आकाश गहरे पानी की ओर पहुंच गया। पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वह डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली और वह पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एसएसबी के जवानों को बुलाया गया
मनीष के साथ आए युवकों में विशाल, प्रमोद, रंजीत, रवि, अर्जुन, अयोध्या प्रसाद, अरविंद और रमन शामिल थे। सभी युवक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। साथियों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने पर रमनगरा चौकी प्रभारी मनोज तोमर, कलीनगर तहसील के तहसीलदार रविंद्र कुमार, सिंचाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। एसएसबी को भी सूचना दी गई, इसके बाद नगरिया कट से एसएसबी की बटालियन को बुलाया गया। एसएसबी के जवानों ने मोटर बोट की सहायता से नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही मनीष के पिता राम बहादुर भी मौके पर पहुंच गए। बेटे के डूबने की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मनीष परिवार में सबसे छोटा था। उसके परिवार में दो बहनें और एक बड़ा भाई है। मनीष फोटोग्राफी का कार्य करता था। देर शाम तक एसएसबी, पुलिस और प्रशासन की टीम युवक की तलाश में जुटी रही।