कोई तो सुने: यहां भाजपा के नगर महामंत्री संग पोस्टर लेकर निकले युवक, चुनाव में नोटा के इस्तेमाल का एलान
बदायूं के उझानी में भाजपा कार्यकर्ता से मारपीट के मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर नगर महामंत्री ने चुनाव में नोटा का इस्तेमाल करने का एलान किया है। भाजपा नेता ने समर्थकों के साथ कई घरों पर ऐसे पोस्टर भी चस्पा किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इस बार हमारा वोट नोटा को... लिखे पोस्टर लेकर निकले उझानी के नझियाई मोहल्ले के युवकों ने कई घरों के दरवाजों पर उन्हें चस्पा कर दिया। इनमें भाजपा के नगर महामंत्री के साथ बूथ अध्यक्ष और उनके समर्थक भी दिखे। उनका दावा है कि पुलिस समेत किसी भी स्तर पर कार्यकर्ता से मारपीट के मामले में उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसलिए यह नौबत आई।
नझियाई मोहल्ले में होली चौक पर जुटे युवकों में भाजपा के बूथ लेवल के एजेंट अभिषेक शर्मा ने बताया कि पांच मार्च को उनके साथ मारपीट हुई। पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार करने की जरूरत महसूस नहीं की। बूथ अध्यक्ष चेतन शर्मा का कहना है कि कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होता।
नगर महामंत्री अमित शर्मा का दावा है कि कार्यकर्ताओं को लेकर उन्होंने कई बार स्थानीय नेताओं को अवगत कराया, लेकिन उन्हें भी अनसुना कर दिया गया इस बार हमारे बूथ पर कई लोग नोटा का बटन दबाएंगे। इसी तरह मनीष उपाध्याय और भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अंकुर वार्ष्णेय ने भी अपनी परेशानी सुनाई।
पदाधिकारी समझाने में जुटे
इससे पहले नगर महामंत्री और बूथ अध्यक्ष के साथ समर्थकों ने मोहल्ले के कई घरों के दरवाजों पर नोटा लिखे पोस्टर चस्पा किए। हालांकि अधिकतर घरों के लोग सामने नहीं आए, लेकिन किसी ने पोस्टर लगाए जाने पर उनके सामने एतराज भी नहीं किया है। पोस्टर चस्पा करने वालों में धीरज कुमार, प्रियांश सक्सेना, मनीष उपाध्याय और सुभाषचंद्र शर्मा आदि भी शामिल थे। इसकी भनक लगते ही पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों ने उन्हें समझाने की कोशिश शुरू कर दी है।
भाजपा के उझानी नगर मंडल अध्यक्ष अखिल अग्रवाल ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। वह खुद भी उनके संपर्क में हैं। मारपीट के एक मामले में गिरफ्तारी को लेकर शिकायत बताई जा रही है। आपस में बैठकर शिकायत का समाधान कर लिया जाएगा। कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पार्टी के समर्थक भी एकजुट हैं। कोई समस्या नहीं है।