बरेली में सब्जी व्यापारी की हत्या: घर में मिला खून से लथपथ शव, पुलिस ने दोस्त को हिरासत में लिया
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की सुबह उसका शव घर में पड़ा मिला। युवक के परिजन शादी समारोह में गए हुए थे।
विस्तार
बरेली के बारादरी थाने की अग्रसेननगर कॉलोनी निवासी सब्जी व्यापारी राज गुप्ता (23) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शक के आधार पर दोस्त सोनू को हिरासत में लिया है। एसएसपी ने मौके पर जांच करने के साथ ही सोनू से पूछताछ की। अवैध संबंधों से जुड़े मामले में कहासुनी के बाद हत्या की बात सामने आ रही है।
यह भी पढ़ें- नशे में नायब तहसीलदार का हंगामा: कार से युवक को मारी टक्कर, पुलिस को दी गाली; बोले- क्रांति कर दूंगा
राज उर्फ बाबू गुप्ता नेपाल के महेंद्रनगर में सब्जी-फल का व्यापार करते थे। साथ ही कपड़ा भी बेचते थे। भाई अनमोल ने बताया कि उनके फुफेरे भाई हिमांशु की बृहस्पतिवार को शादी थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए राज कुछ दिन पहले नेपाल से आए थे। बृहस्पतिवार रात अनमोल अपने माता-पिता व अन्य लोगों के साथ हिमांशु के शादी समारोह में गए थे। जबकि राज दोपहर को अपने दोस्त सोनू के साथ कपड़े खरीदने बहेड़ी चले गए थे। रात में राज को बरात में आना था, पर नहीं आए।
घर की बैठक में पड़ा मिला शव
रात करीब साढ़े तीन बजे अनमोल व परिजन घर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि बैठक में भाई का शव पड़ा है। सिर में गोली लगी थी और आसपास काफी खून बह रहा था। सूचना पर थोड़ी देर में बारादरी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह पहुंच गए। वहां परिवार से जानकारी जुटाई गई।
सुबह एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया। खोजी कुत्ते के साथ फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। परिवार के शक जताने पर राज के दोस्त एकता नगर निवासी सोनू गुप्ता को हिरासत में ले लिया गया। एसएसपी ने बताया कि जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।