Bareilly News: सरकारी कर्मचारी बताकर की शादी, निकला संविदाकर्मी, पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
बरेली में एक युवक ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर युवती से शादी कर ली। बाद में उसकी पोल खुली तो पत्नी हैरान रह गई। विवाहिता का आरोप है कि पति दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करता है।
विस्तार
बरेली के विकास भवन स्थित सांख्यिकी विभाग में संविदाकर्मी ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर शादी कर ली। जब मामले की पोल खुली तो उसने पत्नी से दहेज की मांग की। विवाहिता ने इस मामले की रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज कराई है।
फनसिटी के पास रहने वाली अंशी भारती की शादी फरवरी में बिथरी चैनपुर की मेघा मेंशन कॉलोनी निवासी रिषभ सिन्हा के साथ हुई थी। शादी तय करते समय ससुरालवालों ने बताया था कि रिषभ सांख्यिकी विभाग में सरकारी कर्मचारी है।
अंशी को शादी के बाद पता चला कि वह संविदाकर्मी है। शादी में 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे। शादी के बाद रिषभ सिन्हा, जेठ तरुण सिन्हा, जेठानी सपना सिन्हा, ननद रितु और वर्षा कम दहेज की बात कहकर प्रताड़ित करने लगे। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे।
मायके वालों ने दिए दो लाख रुपये
घर बचाने को मायके वालों ने दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। जेठ कुवैत में नौकरी करता है लेकिन घर आकर वह भी परेशान करता है।
करीब एक सप्ताह पहले अंशी ससुराल में थी। तभी इन लोगो ने पांच लाख रुपये मांगे। विरोध करने पर गला दबा दिया और मारपीट की। मायके वालों की सूचना पर पुलिस ने बचाया। अंशी की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।