फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bareilly News ›   Year Ender 2023 many cases raised question over policing in bareilly

Year Ender 2023: बरेली में पुलिस के गले पड़ी रही पुलिस, सुर्खियों में रहे कई मामले; पढ़ें सालभर का लेखा-जोखा

Sat, 30 Dec 2023 11:50 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली Published by: मुकेश कुमार Updated Sat, 30 Dec 2023 11:50 AM IST
सार

बरेली जिले में कोई महीना ऐसा नहीं रहा, जिसमें खाकी को खाकी ने शर्मसार न किया हो। दागी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई। स्मैक तस्कर पूरे साल पुलिस के लिए सिरदर्द बने रहे।

विज्ञापन
Year Ender 2023 many cases raised question over policing in bareilly
सांकेतिक तस्वीर

विस्तार

खाकी के लिए वर्ष 2023 जिले में अपराध से ज्यादा अपनों से जूझने वाला रहा। संगीन अपराधों में भले कमी आई हो, लेकिन पुलिस के गले पुलिस पड़ी रही। ड्रग तस्करों, माफिया से दोस्ती निभाने से लेकर छेड़खानी, दुष्कर्म और तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगे। कोई महीना ऐसा नहीं रहा, जिसमें खाकी को खाकी ने शर्मसार न किया हो। दागी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई भी हुई। स्मैक तस्कर पूरे साल पुलिस के लिए सिरदर्द बने रहे। छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने का मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक गूंजा। साइबर ठग सक्रिय रहे। एक जैसे तरीके से नौ महिलाओं की हत्या का मामला अब तक अनसुलझा है। आइए जानते हैं क्या रहा कानून-व्यवस्था का हाल?

विज्ञापन


युवती से छेड़खानी में सिपाही निलंबित, जेल गया
साल की शुरुआत में प्रयागराज से बरेली पहुंची त्रिवेणी एक्सप्रेस में एक सिपाही ने युवती के साथ छेड़खानी की। विरोध पर उसका सामान ट्रेन से नीचे फेंक दिया। शिकायत पर बरेली पुलिस लाइन में तैनात सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। 
विज्ञापन


महिला को छत से फेंकने में फंसे
फरवरी में दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति को नहीं पकड़ा। कोर्ट में शिकायत हुई तो बौखलाई पुलिस ने महिला के घर ही दबिश दे दी। छत से गिरने पर महिला के दोनों पैर टूट गए। कोर्ट के आदेश पर पुलिसवालों पर मामला दर्ज हुआ।  

विज्ञापन
विज्ञापन

तस्करों से दोस्ती में गंवानी पड़ी कुर्सी
मार्च में इज्जतनगर और बारादरी थाने के सिपाहियों ने सादे कपड़ों में तस्करों को पकड़ा। चौकी इंचार्ज के सामने सौदेबाजी हुई।  बरामदगी में खेल करने की सूचना एसएसपी को मिली तो चौकी इंचार्ज और दोनों सिपाही निलंबित किए गए।

अवैध वसूली में नपे दरोगा-सिपाही
अप्रैल में इज्जतनगर थाने के दरोगा और तीन सिपाहियों पर लोगों को अवैध हिरासत में रखकर एक लाख रुपये वसूली करने का आरोप लगा। मामला खुलने पर एसएसपी ने  निलंबित कर दिया। वहीं  मनकापुर गांव की आगजनी के मामले में दरोगा ने सांठगांठ कर आरोपी को क्लीनचिट दे दी थी। वीडियो वायरल होने पर दरोगा को निलंबित कर दिया।

तस्कर कल्लू से दोस्ती निभाने में फंसी पुलिस
मई में स्मैक तस्कर कल्लू डॉन पर एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया था। 9 करोड़ की संपत्ति जब्त कर उसे माफिया के रूप में रजिस्टर्ड किया गया। कार्रवाई की सूचना कल्लू के भांजे को लीक करने पर भुता थाने के दरोगा को निलंबित किया गया।

वादी-प्रतिवादी दोनों से वसूली में नपा दरोगा
जून माह में भमोरा थाने में एक महिला ने दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच कर रहे दरोगा ने वादी महिला से 30 हजार और आरोपी से 70 हजार रुपये ले लिए। शिकायत पर एसएसपी ने दरोगा को निलंबित और थाना प्रभारी को लाइनहाजिर किया।

पीआरवी के सिपाहियों पर हुई हत्या की रिपोर्ट
जुलाई महीने में कोतवाली क्षेत्र के बाग बृगटान में टेंपो चालक की पत्नी ने पुलिस से पति की शिकायत की थी। पुलिस पति को बेतहाशा पीटकर कोतवाली ले गए और रास्ते में ही पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पत्नी ने रिपोर्ट कराई, विवाद बढ़ने पर दो सिपाही निलंबित किए गए।

तस्कर सोनू से दोस्ती में कई निलंबित
अगस्त में स्मैक तस्कर सोनू कालिया से दोस्ती में फतेहगंज पश्चिमी थाने के इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी निलंबित किए गए। तस्कर को मुकदमे की कॉपी भेजने का आरोप लगा। फरीदपुर थाने के सिपाही को रिश्वत लेने में निलंबित किया गया।

उत्तराखंड में तस्करी करते पकड़ा सिपाही
सितंबर में कैंट थाने में तैनात सिपाही को उत्तराखंड पुलिस ने साथियों संग स्मैक तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। बंदी रामा को पेशी के लिए प्रतापगढ़ ले जाते समय पुलिसवालों ने रास्ते में शराब पार्टी की। इसमें हेड कांस्टेबल और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया।

आरोपी को सूचना लीक करने में सिपाही निलंबित
अक्तूबर में हरियाणा के थाना अंबाला की पुलिस धोखाधड़ी में वांछित मीरगंज के मुंडलपुर निवासी फैसल को पकड़ने आई थी। सिपाही ने प्रधान को सूचना लीक कर दी और आरोपी फरार हो गया। एसएसपी ने मीरगंज के सिपाही को निलंबित किया।

शराबी पुलिसवालों ने चौकी में किया हंगामा
नवंबर में आंवला थाना क्षेत्र की चौकी पर तैनात पुलिसवालों ने शराब पार्टी की।  सिपाही आपस में ही भिड़ गए। जांच के बाद एसएसपी ने पांच पुलिसवालों को अनुशासनहीनता में निलंबित कर किया।

आरोपी को कार से जेल छोड़ा, निलंबित
दिसंबर में धोखाधड़ी के आरोपी को कोर्ट ले जाते समय रास्ते में गोलगप्पे खिलवाने और निजी कार से ले जाने का वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी ने मीरगंज के मुख्य आरक्षी को निलंबित कर दिया। 

ये मामले रहे चर्चा में

लखनऊ तक गूंजा छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने का मामला
अक्तूबर में सीबीगंज में कोचिंग से लौट रही छात्रा को शोहदे ने ट्रेन के आगे फेंका, जिसमें छात्रा का एक हाथ और पैर कट गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। सीएम ने संज्ञान लिया और इलाज को पांच लाख रुपये की सहायता दी। सीएम की सख्ती पर एसएसपी ने सीबीगंज थाना प्रभारी, हल्का दरोगा और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया। शोहदे और उसके पिता को जेल भेजा गया।

हत्या में फंसी भमोरा पुलिस, आरोपी पकड़ से दूर
नवंबर में अधिकारियों को सूचना दिए बगैर जुआरियों को पकड़ने गई भमोरा थाना की पुलिस हत्या के मामले में फंस गई। इस दौरान सरदारनगर चौकी पुलिस ने आलमपुर जाफराबाद में किसान संतोष शर्मा की पिटाई कर दी। पिटाई से संतोष शर्मा की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। शासन तक गूंज पहुंची। मामला तूल पकड़ने पर दोषी पुलिसवालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। अभी तक दोषियों की गिरफ्तार नहीं हुई और अब कुर्की की कार्रवाई होने जा रही है।

नौ महिलाओं की एक तरीके से हत्या, गुत्थी अनसुलझी
शाही व शीशगढ़ थाना क्षेत्र में करीब नौ महिलाओं की हत्या पुलिस के लिए आज भी सिरदर्द बनी है। अधिकांश महिलाओं के गले में फंदा कसा मिला था। एक मामले में परिजनों ने न तहरीर दी और न पोस्टमॉर्टम कराया। बाकी में कुछ हत्याओं का खुलासा सटीक होने को लेकर संदेह है। तीन मामलों में पुलिस एक महीने से माथापच्ची कर रही है। 

तस्करों की धरपकड़ व कम बरामदगी सवालों में
बरेली वर्षों से स्मैक तस्करी का गढ़ रहा है। यहां के फतेहगंज पश्चिमी, फरीदपुर इलाके स्मैक व अफीम तस्करी के लिए बदनाम हैं। पूरे साल तस्करों की धरपकड़ होती रही पर स्मैक व अफीम की बरामदगी कम दिखाने का आरोप पुलिस पर लगा। ऐसे में आरोपी की जल्द जमानत होने का रास्ता बन जाता है।
 

साइबर अपराधियों ने साढ़े सात करोड़ की रकम उड़ाई
साल भर में साइबर अपराधियों ने वर्क फ्रॉम होम व घर बैठे कमाई जैसे तरीकों से लोगों के खाते खाली कराए। टेलीग्राम एप से सर्वाधिक बड़ी ठगी हुईं। मंडलीय साइबर थाने की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक साल भर में साढ़े सात करोड़ रुपये की ठगी हुई। इसमें 33 पीड़ितों से पांच लाख से ज्यादा की ठगी के मामले दर्ज हुए। करीब डेढ़ करोड़ रुपया ही वापस कराया जा सका और 47 आरोपी जेल भेजे गए।  फर्जी प्रोफाइल बनाकर आईजी, सांसद व मशहूर शायर वसीम बरेलवी जैसे लोगों के नाम पर धोखाधड़ी की कोशिश के मामले भी आए।

पूरे प्रदेश में बरेली पुलिस पिट एनडीपीएस एक्ट लगाने में अव्वल है। अभी तक एनसीबी ही यह कार्रवाई करती थी। राज्य सरकार की ओर से बरेली पुलिस-प्रशासन ने स्मैक तस्कर कल्लू और नन्हे लंगड़ा के खिलाफ यह कार्रवाई की है। अब दूसरे जिले इस मॉडल पर काम कर रहे हैं। कम बरामदगी के मामलों में जांच की जा रही है। खुराफाती पुलिसकर्मियों का जो भी मामला सामने आया, उसमें प्राथमिकता से निलंबन और मुकदमे किए गए। अच्छे स्टाफ को पुरस्कृत भी किया है। बरेली पुलिस अपराधियों के लिए सख्त और जनता के लिए मित्रवत काम कर रही है। नए साल में और बेहतर काम करने का प्रयास रहेगा। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed