Bareilly News: पत्नी की तरह रखना चाहते हैं ससुर और देवर, अश्लील हरकत की, विवाहिता ने कराई रिपोर्ट
बरेली में एक महिला ने पति समेत ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसका कहना है कि उसका पति दिमागी रूप से कमजोर है। ससुर और देवर उसे पत्नी की तरह रखना चाहते हैं। दोनों ने उसके साथ छेड़खानी भी की।
विस्तार
बरेली में एक महिला के अपने ससुर और देवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि ससुर और देवर उसको पत्नी की तरफ रखना चाहते हैं और कई बार अश्लील हरकत कर चुके हैं। परेशान होकर महिला ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
डोहरा क्षेत्र की निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी सामूहिक विवाह समारोह में बिथरी चैनपुर क्षेत्र के गुड्डू से हुई थी। शादी के बाद पता चला कि गुड्डू दिमागी रूप से कमजोर है। गुड्डू मारपीट करता है और खाना नहीं देता है। ससुर और देवर पत्नी की तरह रखना चाहते हैं।
महिला ने आरोप लगाया कि दोनों कई बार अश्लील हरकत भी कर चुके हैं। सास और पति से शिकायत करने पर सबने मिलकर उसकी पिटाई की। महिला थाने में इसकी शिकायत की गई थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में महिला की तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है।
तीन बहनों से छेड़खानी, छह पर रिपोर्ट
सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन बहनों से छेड़खानी का मामला सामने आया है। एक गांव निवासी युवती ने बताया कि एक सितंबर को उनके गांव में मेला लगा था। वह रात करीब 9:30 बजे अपनी बहनों के साथ मेला देखने गई थीं। आरोप है कि उसी दौरान परधौली गांव के भानू, अनिल, अभिषेक, अंकित, अरुण और वोहित गांव के रोहित ने उनके साथ छेड़खानी कर दी।
उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। कुछ लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास भी किया। उसी दौरान एक युवती ने अपने पिता को खबर कर दी। इससे उसके पिता वहां पहुंच गए और उनको बचाने में जुट गए। युवकों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। इससे उनको भी काफी चोटें आईं। मारपीट के दौरान एक युवती के कान का पर्दा फट गया। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।