Bareilly Weather: कोहरे में सूरज की लुकाछिपी, सर्द हवा से ठिठुरन बरकरार, न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस
बरेली में सोमवार सुबह 10 बजे के बाद कोहरा छंटने लगा है। दोपहर धूप खिलने के आसार हैं। हालांकि सर्द हवा से ठिठुरन बरकरार रहेगी। सुबह न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सर्दी और शीतलहर का प्रकोप जारी है। सोमवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। हालांकि 10 बजे के बाद कोहरा छंटने लगा, लेकिन सर्द हवा से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। इससे पहले रविवार को हल्की धूप निकलने की उम्मीद लगाए लोग सर्द हवा से कंपकंपाते रहे। जरूरी काम से निकले लोग गलन भरी सर्दी से परेशान रहे। मौसम विभाग के मुताबिक बरेली रविवार को उत्तर प्रदेश में चौथा सबसे ठंडा जिला रहा।
रविवार दिन में तापमान सामान्य से करीब 10 डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़क गया। वही रात में भी बर्फीली हवा से लोग कांप उठे। सुबह से लेकर शाम तक कोहरा और शीतलहर जारी रही। लोग ठंड से बचने के लिए पूरा दिन अलाव के सामने बैठे रहे। घरों में हीटर, ब्लोअर के सामने बैठकर लोग ठंड से बचाव का प्रयास करते नजर आए। अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। रात का पारा स्थिर 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
निरस्त रहीं रोडवेज की 30 बसें, रात्रि सेवा पर भी रोक
कोहरे के कारण शनिवार रात और रविवार को कई रूटों पर रोडवेज की 30 बसों को निरस्त करना पड़ा। सेटेलाइट बस अड्डा से रुपईडिहा, कानपुर, लखनऊ, गोला और पुराने बस अड्डे से आगरा, रामपुर, हल्द्वानी, देहरादून, चंडीगढ़ और दिल्ली जाने वाली बसों को रवाना नहीं किया गया। यात्रियों की संख्या बेहद कम होने से रात्रि सेवा पर रोक लगा दी गई है। सेटेलाइट बस अड्डा इंचार्ज ममता सिंह ने बताया कि दृश्यता बेहद कम होने के कारण बसों का संचालन रोका गया है।
घने कोहरे में ट्रेनों की लेटलतीफी बरकरार
घने कोहरे में ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है। रविवार को भी ट्रेनें पांच घंटे तक देरी से आईं। यात्रियों को शीतलहर में परेशान होना पड़ा। 13009 दून एक्सप्रेस ने पांच घंटे, 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 15910 अवध-असम ने तीन-तीन घंटे, 14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 12232 लखनऊ सुपरफास्ट ने दो-दो घंटे आैर 13019 बाघ एक्सप्रेस, 12588 अमरनाथ एक्सप्रेस, 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, 14650 सरयू-यमुना एक्सप्रेस ने एक-एक घंटे इंतजार कराया।
12229 लखनऊ मेल, 14207 पद्मावत एक्सप्रेस, 14205 अयोध्या एक्सप्रेस, 15909 अवध-असम एक्सप्रेस दो-दो घंटे, 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 13005 हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस, 13307 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस तीन-तीन घंटे देरी से आईं। अप-डाउन अन्य ट्रेनों ने भी 50 मिनट तक इंतजार कराया। कासगंज, काशीपुर, लालकुआं, टनकपुर, चंदौसी रूट की ट्रेनें भी देरी से आईं।