यूपी में बदला मौसम: बदायूं में आंधी के साथ तेज बारिश, विद्युत लाइन टूटने से 500 से अधिक गांवों की बिजली गुल
उघैती में तेज बारिश और आंधी से बुधवार रात नौ बजे कस्बा समेत 50 गांवों की बिजली बंद हो गई। बारिश ने मौसम की गर्मी को कम किया तो लोगों ने राहत महसूस की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बदायूं में आंधी के साथ तेज बारिश से तापमान घटा। गर्मी से राहत तो मिली पर कई स्थानों पर बिजली लाइन के तार टूटे। फीडर ब्रेक डाउन में चले गए। जिले के कई कस्बों और 500 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। दस लाख से अधिक लोग अंधेरे में डूब गए।
उघैती में तेज बारिश और आंधी से बुधवार रात नौ बजे कस्बा समेत 50 गांवों की बिजली बंद हो गई। बारिश ने मौसम की गर्मी को कम किया तो लोगों ने राहत महसूस की है। रहेड़िया में आंधी के चलते बुधवार को रात 8.45 बजे बिजली ठप हो गई। रहेड़िया क्षेत्र में कुछ देर हल्की ओलावृष्टि हुई है। बारिश का पानी कुछ रास्तों में भर गया क्योंकि जल निकासी बाधित थी। बदायूं शहर में रात 9.45 बजे बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई क्योंकि तेज हवाओं से तार टूटने व हादसे का खतरा था।
आसफपुर में लगभग आधा घंटा हुई बारिश से लोगों के चेहरे पर खुशी देखी गई, लेकिन बिजली गायब हो गई। लगभग चार दर्जन गांव अंधेरे में डूबे। वजीरगंज और ओरछी के आस पास के गावों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और बिजली गुल हो गई। सैदपुर में तेज आंधी के साथ बारिश में सूखने को पड़ी मक्का भीग गई। दहगवां क्षेत्र में बारिश से मौसम बदला है। बिजली ठप है। एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि आंधी की वजह से शहर में आपूर्ति बंद की गई है। आंधी के बाद एक-एक फीडर चेक करके आपूर्ति बहाल की जाएगी।
इंदिरा चौक पर भूमिगत केबल जला, अफरातफरी मची
शहर के इंदिरा चौक पर कदीर मार्केट के सामने रात करीब नौ बजे भूमिगत केबल में भीषण आग लग गई। लपटें उठीं तो कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। आपूर्ति ठप हो गई। माना जा रहा है कि किसी खुराफाती ने नाले में पड़े सूखे कूड़े में आग लगा दी, जो केबल तक पहुंची। आसपास के लोगो ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि रात दस बजे बताया कि केबल सुबह बदलेंगे तभी आपूर्ति बहाल हो सकेगी।