UP: खोखे से लकड़ी निकालने पर ग्रामीणों ने सिपाही और होमगार्ड को चोर समझकर पीटा, तीन का शांतिभंग में चालान
सूचना मिलते ही भोलेनाथ अन्य ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे और वहां मौजूद दोनों लोगों को चोर समझकर लाइसेंसी बंदूक दिखाकर ललकारा। इस दौरान मारपीट भी हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सिपाही और होमगार्ड को ग्रामीणों ने चोर समझकर पीट दिया। लेकिन जब उन्हें पता चला कि वे पुलिसकर्मी हैं तो सभी भाग गए। थाने से पहुंची पुलिस तीन लोगों साथ ले गई और उनका शांतिभंग में चालान कर दिया है। दरअसल सिपाही और होमगार्ड ने मंगलवार रात ठंड लगने पर आग जलाने के लिए एक खोखे से लकड़ी निकाल ली थी।
घटना थाना क्षेत्र के गांव शिवपुरी के चौराहे पर मंगलवार रात 11 बजे की है। पुलिस पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाही और होमगार्ड ने ठंड लगने पर आग जलाने के लिए सड़क किनारे रखे खोखे से लकड़ी निकाली थी। आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। खोखा के मालिक रधोली निवासी भोलेनाथ को सूचना दी कि चोर आ गए हैं और खोखा तोड़कर चोरी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही भोलेनाथ अन्य ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचे और वहां मौजूद दोनों लोगों को चोर समझकर लाइसेंसी बंदूक दिखाकर ललकारा। इस दौरान मारपीट भी हुई। ग्रामीणों को जब यह पता लगा कि वे पुलिसकर्मी हैं तो वह भाग गए।
सिपाही ने थाने में सूचना देकर अन्य पुलिसकर्मी बुला लिए। पुलिस अखिलेश, लालू और रतन सिंह को पकड़कर थाने ले गई। पूरा वाकया समझाने के बाद पुलिस ने तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इधर, पुलिस मामले को दबाने में जुटी हुई है। मामला अधिकारियों तक भी पहुंच गया है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश गौतम ने बताया कि हल्की नोकझोंक हुई थी, तीन ग्रामीणों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।