Bareilly Nagar Nigam Result: बरेली में भाजपा के मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम को बड़ी बढ़त; वोटों की गिनती जारी
Bareilly UP Nikay Chunav Result 2023 : बरेली में मेयर के लिए भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम और सपा समर्थित डॉक्टर आईएस तोमर के बीच मुकाबला माना जा रहा है। बसपा से मोहम्मद युसूफ और कांग्रेस के डॉ. कुलभूषण त्रिपाठी भी जीत का दावा कर रहे हैं। मेयर पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। 80 पार्षद पदों के लिए 521 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।
विस्तार
बरेली में नगर निकाय चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। मेयर पद के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में है। प्रत्याशियों और शहरवासियों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे से पार्षद, सदस्य का और दोपहर एक बजे से नगर पालिका व पंचायत अध्यक्ष के परिणाम जारी होने लगेंगे। मेयर पद के विजेता की घोषणा शाम सात बजे तक हो सकती है।
बरेली में पहले निर्वाचन कर्मचारियों के पोस्टल बैलेट से पड़े मतों की गणना हुई। बताया जा रहा है कि पोस्टल बैलेट की गिनती में भाजपा के मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम आगे चल रहे थे। पोस्टल बैलट से नगर निगम मेयर और पार्षद पद के लिए 333 समेत कुल 498 वोट पड़े थे। 13वें चक्र की गणना के बाद भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम को 42 हजार वोटों की बढ़त मिल गई। दूसरे स्थान पर सपा समर्थित प्रत्याशी डॉ. आईएस तोमर हैं।
13वें चक्र की गणना
भाजपा के उमेश गौतम - 113608
सपा समर्थिक डॉ. आईएस तोमर- 68869
कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. कुलभूषण त्रिपाठी- 17018
बसपा के मोहम्मद युसूफ- 10666
इनके बीच है मुकाबला
बरेली में मेयर के लिए भाजपा प्रत्याशी उमेश गौतम और सपा समर्थित डॉक्टर आईएस तोमर के बीच मुकाबला माना जा रहा है। बसपा से मोहम्मद युसूफ और कांग्रेस के डॉ. कुलभूषण त्रिपाठी भी जीत का दावा कर रहे हैं। मेयर पद के लिए कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। 80 पार्षद पदों के लिए 521 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा।
मतगणना के लिए शुक्रवार सुबह से ही नगर निगम और निकायों के प्रत्याशियों की कतार स्ट्रांग रूम पर लगी रही। बरेली कॉलेज समेत जिले की तहसीलों में बने स्ट्रांग रूम में एजेंट बनवाने के लिए प्रत्याशी और समर्थक पहुंचते रहे। नियमानुसार मेयर, अध्यक्ष, पार्षद, सदस्य पद के प्रत्याशियों के पास बने हैं। मगर सभी टेबल पर एक-एक एजेंट का पास बनवाने में लगे रहे।