यूपी बोर्ड के चार परीक्षार्थियों की मौत: वैन का टायर फटने से हुआ हादसा, शवों को देख मांओं का फटा कलेजा
Shahjahanpur Road Accident News: शाहजहांपुर में कांट-जलालाबाद रोड पर मंगलवार सुबह छात्र-छात्राओं से भरी वैन टायर फटने से पलट गई, जिससे चार परीक्षार्थियों की मौत हो गई। ये सभी यूपी बोर्ड की परीक्षा देने जैंतीपुर जा रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। कांट थाना क्षेत्र के जरावन गांव के पास सुबह करीब सात बजे यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं से भरी वैन टायर फटने से अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में चार परीक्षार्थियों की मौत हो गई। इनमें दो छात्राएं हैं। छह छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। इन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। शवों को देखकर मांओं का कलेजा फट गया।
कांट के गांव बरेंडा के छात्र-छात्राएं श्री द्वारिका प्रसाद महर्षि उत्तर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। उनका यूपी बोर्ड परीक्षा का सेंटर जैतीपुर के लटूरी लाल इंटर कॉलेज में गया था। मंगलवार को दसवीं कक्षा के 10 परीक्षार्थी वैन में सवार होकर परीक्षा देने के लिए रवाना हुए थे। वैन को बरेंडा गांव का मुलायम चल रहा था। बताया गया कि कांट जलालाबाद रोड पर अचानक वैन का टायर फट गया, जिससे वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
इन छात्र-छात्राओं की हुई मौत
लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ वैन में फंसे छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने छात्रा मोहिनी (16), अनुराग (14), प्रतिष्ठा (15) और अनुरूप (16) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि छात्रा ज्योति, अवनीश, विपिन, मोहन गुप्ता, रविकांत और ध्रुव घायल हो गए। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही छात्र-छात्राओं के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। बच्चों के शवों को देखकर मांएं बेसुध हो गईं। परिजनों ने उन्हें ढांढस बंधाया।
एएसपी संजय कुमार समेत तमाम पुलिस अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज में पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र-छात्राओं का हाल जाना। एएसपी संजय कुमार ने बताया कि वैन का टायर फटने से हादसा हुआ है। जिसमें चार छात्र-छात्राओं की मौत हुई है। छह विद्यार्थी घायल हैं, इनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे की जांच कराई जा रही है।