Road Accident: बरेली-लखनऊ हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार, किशोरी समेत दो की मौत, मां-बेटे घायल
बरेली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार देर रात हादसा हो गया। नैनीताल जा रहे लखनऊ के लोगों की कार हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार चालक और किशोरी की मौत हो गई, जबकि मां-बेटे घायल हो गए।
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उचसिया मोड़ के पास हाईवे पर खड़े ट्रक से कार टकरा गई। हादसे में कार सवार किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मां-बेटे गंभीर घायल हुए हैं। इनका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
लखनऊ के त्रिवेणी नगर की रहने वाली बबली सिंह पत्नी स्वर्गीय नीरज सिंह अपने बेटे तनिष्क सिंह और बेटी तान्या सिंह (17) के साथ नैनीताल जा रही थीं। कार को उनके परिचित सादुल्लापुर थाना सवायजपुर के रहने वाले अजय पांडे चला रहे थे।
रात करीब 11:30 बजे हुआ हादसा
बरेली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर उचसिया मोड़ के पास शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे इनकी कार आगे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में तान्या सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बबली सिंह, उनका बेटा तनिष्क और कार चालक अजय पांडे गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
ये भी पढ़ें- लव स्टोरी में ट्विस्टः गैर समुदाय के युवक से शादी करेंगी महिला दरोगा; भाई बोला- ब्रेनवॉश किया गया
घायल अजय पांडे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बबली और उनके बेटे को भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे की सूचना पर उनके परिजन बरेली पहुंच गए। बताया गया है कि बबली सिंह बेटा-बेटी के साथ नैनीताल घूमने जा रही थीं, लेकिन हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।