ट्रैफिक डायवर्जन: बरेली में तीन दिन प्रवेश नहीं करेंगे भारी वाहन, कई रूटों पर ऑटो-ई-रिक्शा भी प्रतिबंधित
Bareilly News: धनतेरस और दिवाली पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर शहर में तीन दिन रूट डायवर्जन लागू किया गया है। यह डायवर्जन 29 से 31 अक्तूबर रात तक लागू रहेगा। इस दौरान शहर में कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा।
विस्तार
बरेली में दिवाली के मद्देनजर बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़ने से जाम की समस्या पैदा होने लगी है। मंगलवार को धनतेरस से लेकर बृहस्पतिवार को दिवाली तक बाजारों में ज्यादा भीड़ होगी। इस दौरान जाम की समस्या को देखते हुए शहर में मंगलवार दोपहर दो से बृहस्पतिवार रात एक बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन भी बाजारों में आ-जा नहीं सकेंगे।
इन मार्गों से निकलेंगे वाहन
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन परसाखेड़ा से बड़ा बाइपास होकर नैनीताल, पीलीभीत, लखनऊ की ओर जा सकेंगे। लखनऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन रजऊ चौराहे से बड़ा बाइपास होकर पीलीभीत, नैनीताल, रामपुर की ओर जाएंगे। रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत, बरेली की ओर से बदायूं की ओर जाने-आने वाले भारी वाहन रजऊ चौराहे से फरीदपुर, बुखारा मोड़, रामगंगा होकर गुजारे जाएंगे।
शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री
लखनऊ से बदायूं की ओर जाने-आने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बुखारा मोड़, रामगंगा होकर पास किए जाएंगे। मिनी बाइपास, इज्जतनगर, डेलापीर से कोई भी भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन मिनी बाइपास, इज्जतनगर, डेलापीर, सौ फुटा, ईसाइयों की पुलिया, बियावानी कोठी, कैंट होते हुए आ-जा सकेंगे। इस दौरान शहर में पार्किंग के लिए बिशप मंडल इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज के ग्राउंड का इस्तेमाल किया जाएगा।
- श्यामगंज से शाहदाना चौराहे, साहू गोपीनाथ तिराहे की ओर।
- बरेली कॉलेज गेट से सिकलापुर, पुराना रोडवेज बस अड्डे व नावल्टी चौराहे की ओर।
- सिकलापुर से पुराना बस अड्डा, साहू गोपीनाथ चौराहा और बड़ा बाजार की ओर।
- खलील तिराहे से कुतुबखाना चौराहे की ओर।
- किला क्रॉसिंग से साहू गोपीनाथ, साहू गोपीनाथ से किला क्रॉसिंग की ओर।
- सूद धर्मकांटा से कोहाड़ापीर और कोहाड़ापीर से कुतुबखाना की ओर।
- अशोक नगर तिराहे से सूद धर्मकांटा व कोहाड़ापीर की ओर।
- मूर्ति नर्सिंग होम से मठ की चौकी व साहू गोपीनाथ की ओर।
- पटेल चौक से नावल्टी चौराहा, कुतुबखाना व बड़ा बाजार की ओर।
- शाहदाना चौराहे से साहू गोपीनाथ की ओर।
- चौपुला चौराहे से खलील तिराहा, कुतुबखाना की ओर।