प्रारंभिक अर्हता परीक्षा: पीईटी अभ्यर्थियों के लिए तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें, बरेली से चलेंगी 120 अतिरिक्त बसें
बरेली में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा रविवार से शुरू हो गई। जिले में 23 केंद्रों पर यह परीक्षा कराई जा रही है। 25, 30 अक्टूबर व एक नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए कुल 62,064 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे और रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए हैं।
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) रविवार से शुरू हो गई। बरेली जिले में 23 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 25 व 30 अक्तूबर और एक नवंबर को दो-दो पालियों में 62,064 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उनके लिए रेलवे तीन जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगा। रोडवेज ने भी 120 अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया है। शनिवार रात से ही अभ्यर्थियों का बरेली आना शुरू हो गया था।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि रेलवे 05310-09 बरेली-मथुरा, 05011-12 लखनऊ-बरेली और 04325-26 शाहजहांपुर-बिजनौर के बीच विशेष अनारक्षित ट्रेनों का संचालन करेगा। भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त कोच और रैक की भी व्यवस्था की जाएगी।
रोडवेज ने भी 120 बसों के रूट तय किए हैं। इन बसों का संचालन बरेली से गाजियाबाद, शाहजहांपुर, सीतापुर, बदायूं, कासगंज, मथुरा, फर्रुखाबाद, हरदोई, बीसलपुर-लखीमपुर के बीच किया जाएगा। आरएम मोहम्मद अजीम ने बताया कि सभी इंतजाम कर लिए हैं।
आधे घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र
परीक्षा नोडल एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी के अनुसार, पीईटी-2026 तीन दिनों में संपन्न होगी। पहले दिन रविवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली और दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक दूसरी पाली होगी। प्रत्येक पाली में 10,344 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस बार 23 केंद्र निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों को आधे घंटे पहले केंद्रों पर पहुंचना होगा।
अफसरों ने अभ्यर्थियों का जाना हाल
पीईटी में शामिल होने के लिए शनिवार रात हजारों अभ्यर्थी जंक्शन व बस स्टैंड पहुंच गए। रात 11 बजे एडीजी जोन रमित शर्मा, डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी व एसएसपी अनुराग आर्य ने जंक्शन का निरीक्षण किया। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग के निर्देश दिए। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर मौजूद अभ्यर्थियों से संवाद कर उनके ठहरने की व्यवस्था के बारे में जानकारी की।