दुपट्टे से गला घोंटकर छात्रा को मार डाला, छोटी बहन के साथ खेत पर गई थी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखीमपुर खीरी के थाना खीरी क्षेत्र के एक गांव में छोटी बहन के साथ शनिवार की शाम खेतों की ओर गई एक छात्रा को एकतरफा प्यार करने वाले गांव के ही एक युवक ने रोक लिया। छात्रा को गन्ने के खेत में ले जाकर दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृत छात्रा के घर पहुंचा और हत्या कर शव खेत में फेंक देने की जानकारी दी। परिवार के लोग जब मौके पर पहुंचे तो छात्रा का शव देख बिलख पड़े। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। हत्या के पीछे आरोपी युवक छात्रा से एकतरफा प्यार करता था बताया जा रहा है। लड़की उसका विरोध कर रही थी।
थाना खीरी के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री समीपवर्ती गांव स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। पड़ोसी रमेश कुमार यादव उसकी पुत्री को काफी समय से परेशान कर रहा था। कई बार उन्होंने आरोपी के घरवालों से शिकायत की, लेकिन रमेश कुमार रंजिश मानने लगा। शनिवार की शाम करीब सात बजे उनकी पुत्री अपनी दस वर्षीय छोटी बहन के साथ शौच के लिए खेतों की ओर गई थी। गांव से कुछ दूर रास्ते पर रमेश यादव ने दोनों पुत्रियों को रोक लिया और छोटी बेटी को फटकार कर भगा दिया।
इससे वह रोती हुई घर पहुंची। इसके बाद आरोपी उनकी बेटी को गन्ने के खेत में ले गया और उसके ही दुपट्टे से घला घोंटकर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। मृतका के पिता ने बताया कि छोटी पुत्री घर पर पहुंचकर घटना बता ही रही थी कि इसी बीच रात करीब पौने आठ बजे हत्या आरोपी रमेश उनके घर आया और बोला कि उसने पुत्री को जान से मार दिया, शव खेत में पड़ा है। इतना कहकर आरोपी घर से भाग गया। यह सुनकर परिवार वालों के होश उड़ गए। घर में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा छात्रा का शव पड़ा था। उसके गले में दुपट्टा कसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर आरोपी रमेश कुमार यादव के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सीओ सिटी ने किया मौका मुआयना
गांव में सिरफिरे आशिक द्वारा छात्रा की हत्या करने की खबर मिलने पर सीओ सिटी विजय आनंद गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार वालों से घटना के बाबत पूछताछ की। साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी ली। सीओ ने प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह को आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
तीन भाइयों और दो बहनों में बड़ी थी छात्रा
पीड़ित पिता ने बताया कि उनके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पांचों बच्चों में मृतका सबसे बड़ी थी। वह पुत्री की शादी की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सिरफिरे युवक ने इसी बीच उनकी पुत्री की हत्या कर अरमानों पर पानी फेर दिया।
युवती और आरोपी के घर पास में हैं। प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हो गई है कि आरोपी युवती को चाहता था, लेकिन लड़की का अफेयर किसी दूसरे लड़के से चल रहा था। इसलिए उसने युवती की हत्या कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। - चंद्रकांत सिंह प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी