Bareilly News: इस मौसम में अपनी सेहत का रखें विशेष ध्यान, कहीं बीमार न बना दे बदलता तापमान
दो हफ्ते से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी धूप खिल रही है तो कभी कोहरा छा जाता है। सोमवार को तो दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई।
विस्तार
बरेली में कई दिन धूप खिलने और तापमान सामान्य रहने के बाद मौसम ने फिर से करवट बदली है। शनिवार रात व रविवार दिन में भी कोहरा छाया रहा। तापमान में गिरावट का क्रम जारी है। इस बीच रुक-रुककर हो रही बारिश आपको बीमार बना सकती है। बदलते मौसम में आपको सावधान रहने की जरूरत है।
दो हफ्ते से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों में इजाफा हो रहा है। 24 और 25 जनवरी को भी लगातार बारिश से तापमान में कमी आई थी। इसके बाद लगातार धूप खिलने से अधिकतम तापमान 21-22 और न्यूनतम 17-18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब एक बार फिर इसमें गिरावट हुई है।
मरीजों की संख्या में इजाफा
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. राजीव गुप्ता का कहना है कि मौसम में बदलाव की वजह से सर्दी-जुकाम के मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। मौसम ऐसा ही रहा तो गले में खराश, एलर्जी, सिर दर्द और मांसपेसियों के दर्द, बुखार के रोगियों की संख्या भी बढ़ेगी। खांसी, अस्थमा, फेफड़े से संबंधित बीमारियां भी बढ़ने की आशंका है।
विटामिन डी और सी की कमी से हो रही समस्या
सर्दियों में धूप न निकलने के कारण शरीर में विटामिन डी की कमी हो जाती है। इससे अवसाद की समस्या हो सकती है। विटामिन सी की कमी के कारण भी रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर होता है। सर्दी, खांसी और जुकाम की शिकायत लंबे समय तक हो तो डॉक्टर की सलाह लें। एलर्जी की जांच भी करानी चाहिए।