Bareilly News: दरोगा के बाद हेड कांस्टेबल पर गिरी गाज, एसएसपी अनुराग आर्य ने की ये कार्रवाई
बरेली के नवाबगंज थाने में बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई न करने पर दरोगा को निलंबित किया गया। इस मामले में हेड कांस्टेबल पर भी गाज गिरी है। उसे लाइन हाजिर कर दिया गया है।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई न करने पर दरोगा के बाद अब कांस्टेबल को भी एसएसपी के आदेश पर शनिवार रात लाइनहाजिर कर दिया गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने नवाबगंज कोतवाली में टेस्टिंग रिपोर्ट के लिए ट्रेनी सीओ भूपेश कुमार पांडेय को भेजा था। ट्रेनी सीओ ने बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए जनसुनवाई अधिकारी/ उप निरीक्षक सुदेश पाल सिंह से शिकायत की। इस पर उपनिरीक्षक ने तहरीर लिखकर लाने को कह दिया।
ट्रेनी सीओ ने तहरीर लिखकर उपनिरीक्षक को दी। तहरीर पढ़ते ही उपनिरीक्षक ने उल्टे उन्हीं को जिम्मेदार ठहरा दिया। ट्रेनी सीओ की रिपोर्ट पर एसएसपी अनुराग आर्य ने जनसुनवाई अधिकारी सुदेश पाल सिंह को शनिवार को निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, रविवार को थाने के हेड कांस्टेबल सुमित कुमार को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
गाली-गलौज पर मुख्य आरक्षी निलंबित
परेड के दौरान नशे की हालत में पहुंचने पर एक मुख्य आरक्षी को एसएसपी अनुराग आर्य ने निलंबित कर दिया। शुक्रवार की परेड में पुलिस लाइन का हेड कांस्टेबल संजय कुमार नशे की हालत में पहुंचा था। आरआई हरमीत सिंह को जब इसका अहसास हुआ तो उन्होंने टोका। तब संजय गालीगलौज पर उतर आया। मेडिकल परीक्षण में भी अल्कोहल की पुष्टि हुई। इससे पहले वह थाने में तैनाती के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने में निलंबित हो चुका है।