Bareilly News: शराब के नशे में दौड़ाई भाजपा का झंडा लगी थार, एसपी सिटी ने पकड़े चार युवक, गाड़ी सीज
बरेली में बुधवार रात खुली थार में मस्ती करना चार युवकों को भारी पड़ गया। निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी ने चारों युवकों को पकड़ लिया। उनकी गाड़ी सीज कर दी गई।
विस्तार
बरेली में एसपी सिटी ने बुधवार रात पुलिस कर्मियों का रिस्पांस टाइम चेक करने के लिए मेसेज कराया तो ज्यादातर स्टाफ आधी अधूरी तैयारी के साथ गिरते-पड़ते मौके पर पहुंच गया। इसी दौरान खुली थार में मस्ती कर रहे युवकों को पकड़कर उनकी गाड़ी सीज कर दी गई। कार पर भाजपा का झंडा लगा था। गोसेवक लिखा हुआ था।
मंगलवार देर रात शहर में पुलिस फोर्स की चुस्ती परखने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक ने चौकी चौराहा पर आकर आसपास के सभी थानों की पुलिस को अचानक पहुंचने का मेसेज कराया। वायरलेस से मेसेज मिला तो कोतवाली, कैंट व प्रेमनगर थानों की पुलिस तत्काल चौकी चौराहा की ओर निकल पड़ी।
इस दौरान कई थानों के प्रभारी समेत स्टाफ निर्धारित समय से देरी से पहुंचा तो किसी ने ढंग से वर्दी नहीं पहनी थी। कई के पास डंडा या बंदूक से लेकर बॉडी प्रोटेक्टर ही नहीं थे। इस पर एसपी सिटी ने उनको चेतावनी दी कि भविष्य में गलती न हो, जब इतना जल्दी बुलाया जाए तो जरूर ही सभी संसाधन लेकर चलना चाहिए।
नशे में मिले थार में बैठे चारों युवक
एसपी सिटी जब चौपुला पुल के नीचे पहुंचे तो उन्हें सड़क पर लहराती जा रही खुली थार दिखी। इसमें चार लड़के बैठे थे जो नशे में थे और शोरशराबा कर रहे थे। एसपी सिटी ने रुकवाया तो वह थार से उतरकर भागने लगे। एसपी सिटी ने उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ लगाई तो साथ मौजूद कोतवाल डीके शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी दौड़ पड़े।
पकड़ने के बाद चारों का मेडिकल परीक्षण कराया गया तो वह नशे में मिले। कोतवाल ने बताया कि कासगंज निवासी अमित, शांति विहार निवासी कृष्ण यादव, अनमोल कश्यप और विनीत पांडे का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।