Bareilly: 'राजा की तरह कर रहे व्यवहार सिरौली थाने के इंस्पेक्टर', कोर्ट ने एसएसपी को दिया कार्रवाई का आदेश
बरेली के सिरौली थाने के इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह पर कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा है कि सिरौली इंस्पेक्टर राजा की तरह व्यवहार कर रहे हैं। जानिए क्या है पूरा मामला...
विस्तार
बरेली में हत्या के मामले में चौकी इंचार्ज को गवाही देने के लिए नहीं भेजने पर अपर सत्र न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर की अदालत ने सिरौली इंस्पेक्टर पर तल्ख टिप्पणी की है। कोर्ट ने कहा कि सिरौली इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह राजा की तरह व्यवहार कर रहे हैं। कोर्ट ने इंस्पेक्टर से दो दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने के लिए भी कहा है।
फतेहगंज पश्चिमी थाने में दर्ज हुए हत्या के मुकदमे की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश रवि दिवाकर की अदालत में चल रही है। मामले में विवेचक समेत दो गवाहों की गवाही होनी है। विवेचक रहे राजेश कुमार वर्तमान में सिरौली थाने की बड़ागांव चौकी के प्रभारी हैं। वह अदालत में गवाही देने नहीं पहुंचे।
Metro Rail: लाइट मेट्रो नहीं... बरेली में दौड़ेगी मेट्रो, 2030 तक शहर के दो रूटों पर चलाने की योजना
कोर्ट के मुताबिक फतेहगंज पश्चिमी थाने की पैरोकार श्यामवती ने बताया कि इंस्पेक्टर सिरौली प्रयागराज सिंह ने कहा कि राजेश कुमार न्यायालय में बयान देने नहीं जाएंगे। इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह किसी राजा की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वह जब चाहेंगे तब इच्छानुसार साक्षी को न्यायालय भेजेंगे और जब चाहेंगे न्यायालय नहीं भेजेंगे।
एसएसपी को दिया विभागीय कार्रवाई का आदेश
अदालत ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या जैसे गंभीर मामले में इंस्पेक्टर आरोपी महेंद्र और सत्यपाल से मिल गए हैं। इसलिए इंस्पेक्टर अभियुक्तों को लाभ पहुंचाना चाहते हैं। न्यायालय ने इंस्पेक्टर से दो दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा है कि क्यों न उनके खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की जाए? न्यायालय ने एसएसपी को आदेश भेजकर विभागीय कार्रवाई करने को भी कहा है।