Pilibhit News: सैंपल लेने गई खाद्य विभाग की टीम को व्यापारियों ने घेरा, जमकर हुआ हंगामा
बाजार में नमूने लेने गई खाद्य विभाग की टीम को व्यापारियों ने घेर लिया। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर अभिहित अधिकारी पहुंचे। इसके बाद व्यापारियों से वार्ता की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत में जांच के लिए नमूने के लिए गई खाद्य विभाग की टीम को व्यापारियों ने घेर लिया। घेराव करते हुए जमकर नोकझोंक हुई। इससे हंगामा खड़ा हो गया। इसके बाद टीम के साथ व्यापारियों की वार्ता हुई। वार्ता के बाद टीम को जाने दिया गया। घेराव की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम के सुभाष बाबू यादव और राम मिलन राना बुधवार की सुबह सर्वे अभियान के तहत शहर की गल्ला मंडी गए थे। टीम के लोगों ने यहां पर पहले हरि जर्दा के यहां से नमूना लिया। इसके बाद पास में ही केजीएन एजेंसी पर सैंपल ले रहे थे। इसी बीच दुकानदार ने इसकी अपने व्यापार मंडल पदाधिकारियों को सूचना दे दी।
सूचना पर नगराध्यक्ष अलाउद्दीन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वहां पर टीम के लोगों से बात करना शुरू कर दिया। इसके बाद देखते ही देखते कई व्यापारी मौके पर पहुंच गए। हंगामा होने लगा। दुकानदारों ने टीम को घेर लिया और खरीखोटी सुनाने लगे। इसके बाद टीम को दुकान से व्यापार भवन ले आए।
अधिकारी की मौजूदगी में की वार्ता
खुद को घिरा देखकर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इसकी सूचना अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी को दी। जानकारी लगते ही वह भी व्यापार भवन पहुंच गए। मामला गंभीर होने पर पुलिस को भी बुला लिया गया। अधिकारी की मौजूदगी में व्यापारियों ने वार्ता की।
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मनमाने ढंग से सैंपल किया जा रहा है। व्यापारियों को परेशान करने की कोशिश की जा रही है। दो दिन पहले ही सैंपल के लिए टीम आई थी। इस पर व्यापारी नेताओं ने खाद्य विभाग के खिलाफ रोष जताया। कहा कि यदि परेशान किया गया तो इसकी शासन में शिकायत की जाएगी। करीब एक घंटा की वार्ता के बाद अधिकारी वहां से टीम को लेकर रवाना हुए।
टीम के आते ही बंद हो गई दुकानें
सुबह टीम के पहुंचते ही गल्ला मंडी में दुकानें बंद होने लगी। इससे लोगों में भय भी देखा गया। दुकानें बंद कर गए लोगों ने इसकी पदाधिकारियों को सूचना दी। कहा कि आए दिन ऐसे की परेशान किया जाता है। ऐसे में वह लोग दुकानों को बंद कर देंगे।
व्यापार भवन में अभिहित अधिकारियों की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष अनूप अग्रवाल ने कहा कि मंगलवार को बंदी थी। इसके बाद बुधवार की सुबह बाजार खुला। सुबह होते ही छापा मारा गया। ऐसे में व्यापारियों मे भय बढ़ गया और दुकानों को बंद कर दिया। उन्होंने शाम तीन बजे के बाद ही पदाधिकारियों से वार्ता और मीटिंग के बाद सैंपल लेने की बात कही।
हो गया घेराव, अधिकारियों को नहीं दी सूचना
सैंपल लेने के बाद टीम का घेराव होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद भी विभाग के जिम्मेदार लोगों ने इसकी जिला प्रशासन और अन्य अधिकारियों कोई सूचना नहीं दी। इससे लग रहा है कि कहीं न कहीं सैंपल में ही खेल किया जा रहा है। कुछ व्यापारियों का आरोप था कि सैंपल के बाद आवास पर इसमें खेल किया जा रहा है।
अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि टीम सर्वे अभियान के तहत सैंपल लेने गई थी और वहां पर घेराव हो गया। जब पहुंचे तो सभी व्यापार भवन में मौजूद थे। वहां पर वार्ता के बाद टीम वापस लौटी। इसकी उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं दी गई है।