Shahjahanpur: सीतापुर में रेल पटरी पर मिला पुवायां से लापता छात्र का शव, लखनऊ में कर रहा था नीट का कोचिंग
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र का रहने वाला छात्र 28 मार्च को आधारकार्ड बनवाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। पुवायां थाने में उसकी गुमशदगी दर्ज कराई गई थी। सोमवार शाम को उसका शव सीतापुर में रेल पटरी पर पड़ा मिला।
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां क्षेत्र के गांव जनकापुर निवासी हरीश कुमार के 16 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र कुमार का शव सीतापुर में सिधौली रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला है। शैलेंद्र लखनऊ में नीट की कोचिंग कर रहा था। वह 28 मार्च से लापता था। सोमवार रात शैलेंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
गांव जनकापुर के हरीश कुमार संविलियन स्कूल मरेना में प्रधानाध्यापक हैं। उनकी सबसे बड़ी पुत्री सुधा वर्मा की शादी हो चुकी है। घर पर वह, पत्नी राजकुमारी, 19 वर्षीय पुत्र धीरेंद्र वर्मा और 16 वर्षीय पुत्र शैलेंद्र वर्मा के साथ रहते हैं। 28 मार्च की सुबह 11 बजे शैलेंद्र आधार कार्ड बनवाने के लिए पुवायां डाकघर जाने की बात कहकर निकला था।
हरीश वर्मा ने बताया कि इसके बाद उनकी शैलेंद्र से मोबाइल पर बात हुई तो शैलेंद्र ने खुद को शाहजहांपुर में बताया था। बाद में शैलेंद्र का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी शैलेंद्र का पता नहीं चलने पर हरीश वर्मा ने पुवायां में पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
तीन अप्रैल शाम को ट्रैक पर मिला था शव
तीन अप्रैल की शाम 7.45 पर शैलेंद्र का शव सीतापुर के सिधौली क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। रात दस बजे सीतापुर जीआरपी से परिजनों को जानकारी दी गई। रात में ही परिवार के लोग सिधौली रवाना हो गए। सीतापुर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
पुवायां पुलिस के अनुसार सिधौली रेलवे सब-स्टेशन के इंचार्ज सुधीर कुमार ने पुलिस को बताया कि लखनऊ से मैलानी जाने वाली पैसेंजर गाड़ी 7.50 पर आई थी। कुछ देर रुकने के बाद ट्रेन चली तो रेलवे स्टेशन की पटरी पर शव पड़ा मिला है।
सुधीर कुमार की सूचना पर सीतापुर जीआरपी ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुवायां थाने के एसआई और विवेचक राजाराम ने बताया कि मामले की जांच पुवायां पुलिस की ओर से की जाएगी।
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक के साथ दिखा था शैलेंद्र
शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर एक वीडियो फुटेज में शैलेंद्र एक अन्य युवक के साथ दिख रहा है। उसकी युवक से कुछ बात भी हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार शैलेंद्र के मोबाइल की आखिरी लोकेशन हरदोई की मिली है।
उसकी कॉल डिटेल में भी परिवार के लोगों से बातचीत की जानकारी मिली है। आधार कार्ड बनवाने निकला शैलेंद्र सिधौली कैसे पहुंच गया ? रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है कि मामला हत्या का है, या हादसा हुआ है।