Bareilly News: ड्यूटी पर पहुंचे होमगार्ड को एसडीएम ने डांटकर भगाया तो पी लिया कीटनाशक, अस्पताल में भर्ती
बरेली के नवाबगंज में एक होमगार्ड ने कीटनाशक पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। आरोप है कि एसडीएम ने होमगार्ड को डांटकर भगा दिया था। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
विस्तार
बरेली के नवाबगंज में एसडीएम की फटकार से नाराज होमगार्ड ने रविवार को कीटनाशक पी लिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए हैं। होमगार्ड की पत्नी ने जिला कमांडेंट से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
इनायतपुर निवासी होमगार्ड वीर बहादुर 14 मई को अपने साथी होमगार्ड रामपाल के साथ तहसील में ड्यूटी पर था। तभी थाने के चौकीदार वीरेंद्रपाल से बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों होमगार्डों ने चौकीदार को पीट दिया था।
इस मामले में निलंबित होने के बाद दोनों होमगार्डों ने हाईकोर्ट की शरण ली। सप्ताह भर पूर्व हाईकोर्ट ने दोनों को बहाल कर ड्यूटी ज्वॉइन करने के आदेश दिए। रामपाल को कोतवाली और वीरबहादुर को एसडीएम आवास पर ड्यूटी करने के आदेश जिला कमांडेंट ने दिए थे।
पुलिस ने दर्ज किए बयान
आरोप है कि रविवार को वीर बहादुर ड्यूटी करने पहुंचा तो एसडीएम अजय उपाध्याय ने उसे डांटकर भगा दिया। इससे नाराज होमगार्ड ने बाजार से कीटनाशक खरीदकर पी लिया। कोतवाल राजकुमार कुमार शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर उसके बयान दर्ज किए।
होमगार्ड की पत्नी विमलेश कुमारी ने बताया कि तीन अक्तूबर को उनके पति एसडीएम के आवास पर ड्यूटी करने गए थे। फिर भी एसडीएम ने उनकी गैरहाजिरी लगा दी थी। प्रकरण अधिकारियों को भी बताया गया था। रविवार को एसडीएम के व्यवहार से तंग आकर पति ने यह कदम उठाया।
होमगार्ड की तैनाती कहीं और करने के लिए भेजा था पत्र : एसडीएम
एसडीएम अजय उपाध्याय का कहना है कि होमगार्ड वीर बहादुर के विरुद्ध मई में तहसील परिसर में मारपीट संबंधी एफआईआर दर्ज हुई थी। तहसील कार्यालय लोक व्यवहार के दृष्टिगत अतिसंवेदनशील होने के कारण एक अक्तूबर को ही वीर बहादुर को दूसरी जगह तैनाती देने के लिए बीओ नवाबगंज को कहा था। जिला कमांडेंट को भी पत्र भेजा था। फिर भी वह आवास पर पहुंच गया। उसकी तैनाती अन्य कहीं करने के लिए संबंधित को सूचित करने के कारण उसे वापस जाने के लिए कहा गया था।