मटके को लेकर मारपीट: मजदूर बोले- खजाना है, मालिक ने बताया लोहे का सामान, पुलिस सच जानने में जुटी
घर की खोदाई के दौरान मिले मटके को लेकर मजदूरों और मकान मालिक में मारपीट हो गई। मामला थाने में पहुंच गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी कि आखिर मटके में क्या था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में एक मटके को लेकर मारपीट हो गई। पुराना शहर में एक बरातघर के पास पुराने घर में खोदाई के दौरान मटका मिला था। इसे लेकर मजदूरों और मकान मालिक में मारपीट हो गई। सूचना के बाद थाना बारादरी पुलिस ने कई लोगों को थाने में बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक पुराने घर में मजदूर लगाकर खोदाई कराई जा रही थी। इस दौरान एक पुराना मटका मजदूर को मिल गया। मटके को लेकर वह भागा तो दूसरे मजदूरों ने चुगली कर दी। तब मकान मालिक ने उसे पीटकर मटका छीन लिया। इसके बाद कुछ मजदूरों से मकान मालिक की कहासुनी हुई।
मकान मालिक बोला- पुराना सामान है
आपसी मारपीट का मामला बारादरी पुलिस तक पहुंचा। पुलिस पहले मजदूर को पकड़ लाई, बाद में मालिक को बुलाया गया। कुछ मजदूर मटके में जेवर आदि होने की बात कह रहे थे तो मालिक का कहना था कि इसमें लोहे का पुराना सामान ही था, लेकिन मालिक ने मटका नहीं दिखाया।
इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि मटके को लेकर मारपीट की सूचना के बाद लोगों से पूछताछ की गई है। अभी तक मटके का पता नहीं चला है। जल्दी ही सही स्थिति सामने आ जाएगी। वहीं इलाके के लोगों में यह सवाल बना हुआ है कि आखिर मटके में क्या है, जिसे लेकर बवाल मचा है।