Bareilly: यूट्यूबर वसीम सिद्दीकी और जावेद हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस; ये है मामला
बरेली के बारादरी थाने में यूट्यूबर वसीम सिद्दीकी और जावेद हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि दोनों यूट्यूबर ने अपने एक वीडियो में वाल्मीकि समाज पर अभद्र टिप्पणी की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के मशहूर यूट्यूबर वसीम सिद्दीकी और जावेद हुसैन वाल्मीकि समाज पर अभद्र टिप्पणी के मामले में फंस गए हैं। भीम आर्मी के बरेली मंडल अध्यक्ष विकास बाबू एडवोकेट ने इनके खिलाफ एससी एसटी एक्ट में रिपोर्ट कराई है। एसएसपी के आदेश पर बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
विकास बाबू के मुताबिक जावेद हुसैन और वसीम सिद्दीकी के साथ ही कुछ अन्य लोगों ने वाल्मीकि समाज के लोगों को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने का काम किया है। इन्होंने पिछले दिनों एक वीडियो बनाया था जिसमें सफाई की बात को लेकर एक जाति विशेष के ऊपर जातिसूचक टिप्पणी कर दी। यह वीडियो फेसबुक, इस्टाग्राम, यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है।
ये सभी लोग बारादरी थाना क्षेत्र के हजियापुर के निवासी हैं। सभी लोग एकदूसरे को अच्छी तरह जानते हैं। इन लोगों की टिप्पणी की वजह से सामाजिक सद्भाव दूषित होने की आशंका है। बारादरी थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि विवेचना सीओ तृतीय अनीता चौहान करेंगी। उन्हीं के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भीम आर्मी पदाधिकारी ने सीएम पर की अभद्र टिप्पणी
भीम आर्मी के एक मंडलीय पदाधिकारी ने फेसबुक पर सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। टिप्पणी के बाद पोस्ट का स्क्रीनशॉट वायरल हो गया। एक्स पर पोस्ट कर टिप्पणी करने वाले पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत करने वाले से आरोपी के बारे में जानकारी ली है। पता लगा कि वह सिरौली थाना क्षेत्र का निवासी है। सिरौली पुलिस को जांच व कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।