बरेली का साइको किलर: आरोपी कुलदीप को भेजा जेल, अब रिमांड लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
बरेली के शाही व शीशगढ़ थाना क्षेत्र में 11 महिलाओं की हत्या सिलसिलेवार तरीके से एक ही पैटर्न से की गई थी। इनमें छह मामलों में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक साइको किलर कुलदीप ने इन छह महिलाओं की हत्या की थी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब उसका रिमांड लेकर पूछताछ करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में छह महिलाओं की हत्या के मामले में गिरफ्तार साइको किलर कुलदीप को जेल भेज दिया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक पुलिस अब आरोपी को अभिरक्षा में लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाएगी। रिमांड मिलने पर पूछताछ में उससे दूसरी घटनाओं के बारे में भी जानकारी की जाएगी। उनमें उसकी संलिप्तता हुई तो पुलिस कोर्ट में पैरवी करके पुराने मामलों की पुर्न विवेचना कर सकती है। इधर, हत्या के मामलों में खुलासे के बाद शाही क्षेत्र की महिलाओं ने सुकून की सांस ली है। वह दहशत में जी रही थीं।
शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में एक साल में सिलसिलेवार तरीके से 11 महिलाओं की हत्या एक ही पैटर्न से उनकी साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। ये मामले पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। महिलाओं की लगभग एक ही तरीके से लगातार हो रही हत्याओं के बाद ऑपरेशन तलाश शुरू किया गया। शाही कस्बे से आगे करीब 25 किमी दूरी तक कई नाके और करीब 1500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। चार सिपाहियों और सटीक मुखबिर तंत्र के दम पर पुलिस कातिल तक पहुंचने में कामयाब हुई।
पुलिस ने नवाबगंज क्षेत्र निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया। एसएसपी के मुताबिक पूछताछ में उसने छह महिलाओं की हत्या की बात कबूल की है। आरोपी कुलदीप मनोरोगी है, जो कभी सामान्य तो कभी हिंसक व्यवहार करता है। सनकी कुलदीप के कबूलनामे से इसी पैटर्न पर हुए अन्य महिलाओं के कत्ल में पुलिस के खुलासे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार मामलों में पुलिस ने खुलासा भी कर दिया था।
अनीता की हत्या में रिपोर्ट नहीं कराई
पहली घटना पांच मई 2023 को परतापुर गांव में हुई थी। वहां कलावती नाम की महिला का शव झाड़ियों में मिला था। उसके गले में भी बांयी ओर ऐसी ही गांठ लगी थी, पर परिजनों ने बिना कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने न तहरीर दी और न पोस्टमॉर्टम कराया। अब एसएसपी का कहना है कि इसके समेत सभी मामलों की समीक्षा की जाएगी।
रेशमा को खींचकर झाड़ियों में कौन ले गया
मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला में श्मशान भूमि के पास झाड़ियों में 62 वर्षीय रेशमा देवी का शव मिला था। परिजनों के मुताबिक 12 अक्तूबर को रेशमा अपने पुत्र रोहताश के साथ दवा लेने मीरगंज गई थीं। बेटे ने मां को दवा और सामान दिलवाकर एक टेंपो में बैठा दिया था। खुद किसी काम से वहां रुक गया। अगले दिन बेटे ने मीरगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। कुछ दिन बाद झाड़ियों में शव मिला था। परिवार ने हत्या की आशंका जताई, हालांकि पोस्टमार्टम में विसरा सुरक्षित होने से पुलिस की टेंशन कम हो गई थी। यह सवाल अनुत्तरित थे कि उन्हें झाड़ियों में खींचकर कौन ले गया।
वीरावती हत्याकांड : जेल जाते वक्त रोया झोलाछाप
सेवा ज्वालापुर निवासी वीरावती की खेत से लौटते वक्त हत्या कर शव झाड़ियों में डाल दिया गया था। परिजनों ने अज्ञात में रिपोर्ट कराई थी। पुलिस प्रयास करती रही पर खुलासा नहीं हो सका। बाद में गांव के झोलाछाप को जेल भेजा गया। पुलिस का तर्क था कि यह शख्स महिला पर गलत नजर रखता था और विरोध पर हत्या कर दी। हालांकि, 65 साल के आरोपी ने जेल जाते वक्त पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए थे। गांव में भी कई चर्चाएं रहीं।
शांति देवी की हत्या में बेटा गया जेल
शाही के मुबारकपुर गांव की शांति देवी का शव फतेहगंज पश्चिमी थाने के पनवड़िया के जंगल में मिला था। इसमें शांति देवी का बेटा तोताराम ही जेल गया था। पुलिस ने तब संपत्ति विवाद में हत्या मानी थी। तर्क था कि शांति देवी की हत्या के काफी समय बाद तक परिवार बेखबर रहा था।
कुसुमा की हत्या में नशेड़ी को बनाया आरोपी
खजुरिया निवासी कुसुमा देवी की हत्या भी खेत से लौटते वक्त हुई थी। साड़ी से गला कसा मिला था। परिजनों ने अज्ञात पर रिपोर्ट कराई थी। पुलिस ने काफी समय बाद नशेड़ी को जेल भेजा। तर्क था कि यह शख्स कुसुमा के खेत में सुल्फा पीने आता था। कुसुमा विरोध करती थीं। गांव में खुलासे को लेकर सवाल उठे थे।