Bareilly: भाजपा विधायक को हत्या की धमकी के मामले में जांच शुरू, घटना के बाद आरोपी फौजी ड्यूटी पर गया
भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारीलाल को उनके कार्यालय में जान से मार देने की धमकी और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में फौजी अमृतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के फरीदपुर से भाजपा विधायक और कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी देने और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद तफ्तीश शुरू हो गई है। सीओ ने विधायक के कार्यालय व घटनास्थल का जायजा लेकर रिपोर्ट दर्ज कराने वाले कार्यकर्ता पुष्पेंद्र बघेल के बयान दर्ज किए और साक्ष्य जुटाए।
स्थानीय भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारीलाल से उनके कार्यालय में आकर जान से मार देने की धमकी और जातिसूचक शब्द कहने के मामले में कार्यकर्ता पुष्पेंद्र बघेल ने फौजी अमृतपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सोमवार को सीओ फरीदपुर गौरव सिंह घटना की जांच करने पहुंचे। वह सबसे पहले फरीदपुर स्थित विधायक के कार्यालय पहुंचे और वादी पुष्पेंद्र से पूछताछ की। सीओ ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी देखा। जांच पड़ताल के बाद सीओ रजऊ परसपुर पहुंचे और विवादित जमीन पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
दो दिन की छुट्टी पर आया था आरोपी
भाजपा विधायक को धमकी देने का आरोपी फौजी अमृतपाल उत्तराखंड में भारत-चीन की सीमा पर तैनात है। वह दो दिन की छुट्टी पर आया था। तकरार के बाद वह विधायक समेत पुलिस को नोटिस देकर ड्यूटी पर चला गया। विवाद की जड़ रजऊ परसपुर में हाईवे के किनारे बैंक से लगी जमीन है।
यह जमीन रजऊ परसपुर गांव के ही कुछ लोगों की बताई जा रही है और इस पर उन्हीं का कब्जा है। करीब चार वर्ष पूर्व जब गांव में चकबंदी हुई तो हाईवे के किनारे की जमीन को उसके पीछे के खेत वालों के नाम दर्ज कर दिया। जिस व्यक्ति की पुश्तैनी जमीन उसके नाम चली आ रही है, उसे पता भी न चला। वह पूरी जमीन पुराने दावेदार के कब्जे में ही है।
अमृतपाल ने पत्नी के नाम खरीदी थी जमीन
चकबंदी अधिकारियों ने इस जमीन को जिन लोगों के नाम दर्ज किया था, उनसे करीब चार माह पहले फौजी अमृतपाल ने पत्नी के नाम खरीद लिया था। कुछ हिस्से को दो अन्य व्यक्तियों ने भी खरीद लिया। करीब एक सप्ताह पहले बैनामा के जरिये खरीदी गई जमीन पर फौजी अमृतपाल व दो अन्य खरीदार कब्जा लेने पहुंचे।
इस पर जमीन के पुराने कब्जेदार विरोध करने लगे। सूचना पर पुलिस आई और यथास्थिति करवाकर सभी को वहां से खदेड़ दिया। जमीन पर फौजी के पक्ष में न्यायालय का आदेश बताया जा रहा है। इसके तहत फौजी के अधिवक्ता ने विधायक, बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी व रजऊ चौकी प्रभारी को अवमानना का नोटिस भिजवा दिया।
सीओ बोले- जांच जारी है
सीओ फरीदपुर गौरव सिंह ने बताया कि घटना की जांच करने विधायक के कार्यालय एवं रजऊ परसपुर में घटनास्थल पर गए थे। मुकदमा दर्ज कराने वाले पुष्पेंद्र बघेल के भी बयान दर्ज किए हैं। जांच अभी जारी है, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।