Bareilly News: कभी राहुल कभी सुरेश बन जाता था नौशाद, अमान भी शातिर, दोनों को पुलिस ने भेजा जेल
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कर्मचारी नगर चौराहे पर लड़कियों से अभद्रता करते पकड़े गए दो युवकों के खिलाफ पुलिस ने ही वादी बनकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस की जांच में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में लड़कियों से अभद्रता करते पकड़े गए दूसरे समुदाय के दो युवकों ने अपनी पहचान छिपाकर फर्जी नाम से आईडी बना रखी थी। वे 30 लड़कियों के संपर्क में थे। शिकायत करने लड़कियां आगे नहीं आईं लेकिन पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई साक्ष्य मिले हैं। दोनों के खिलाफ पुलिस ने ही वादी बनकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
यह था मामला
कर्मचारी नगर चौराहे के पास बुधवार शाम दो लड़कियों से अभद्रता करते चार युवक पकड़े गए थे। उनमें से एक ने अपना नाम राहुल बताया था। उसकी इंस्टाग्राम आईडी चेक करने पर पता चला कि वह दूसरे समुदाय का है। इस पर हिंदूवादी संगठन से जुड़े विशाल ने चारों युवकों को को पुलिस के हवाले कर दिया था। मामले में बृहस्पतिवार को कोई तहरीर देने नहीं आया।
थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन में कई लड़कियों से चैट व अश्लील सामग्री मिली है। आरोपियों की सीडीआर भी निकलवाई है। नाथ नगरी सुरक्षा समूह के कार्यकर्ताओं ने भी एसपी सिटी मानुष पारीक से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं लड़कियों के सामने न आने पर एसएसपी और एसपी सिटी ने पुलिस को खुद रिपोर्ट दर्ज कराने का निर्देश दिया था।
आधार कार्ड भी फर्जी मिले
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने ही वादी बनकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें इज्जतनगर के परतापुर चौधरी गांव निवासी नौशाद और अमान को आरोपी बनाया गया है। हेयर ड्रेसर नौशाद के पास पांच आधार कार्ड मिले, जिसमें उसने राहुल, सुरेश जैसे नाम से पहचान बना रखी थी। उसका साथी अमान भी खुराफाती निकला। दोनों करीब 30 लड़कियों के संपर्क में थे, जिनमें से अधिकांश दूसरे समुदाय की थीं।