Bareilly News: पुलिस ने दो दिन में काटे पांच हजार चालान, फिर भी यातायात नियमों की उड़ रहीं धज्जियां
बरेली में पहले दिन 2486 और दूसरे दिन सोमवार को 2335 वाहनों के चालान किए गए। जिलेभर के मिलाकर पांच हजार से ज्यादा चालान हुए और 55 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला गया। फिर भी लोग नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में पुलिस ने नो हेलमेट और दोपहिया वाहनों पर तीन-तीन सवारों के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। इसके बावजूद लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले दो दिन में पांच हजार चालान हो चुके हैं, लेकिन फिर भी यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सोमवार को एक व्यक्ति चार बच्चों को बैठाकर बाइक चल रहा था। पुलिस ने उसे रोक लिया और बाइक का चालान काट दिया।
शासन से जारी निर्देश के बाद सोमवार को भी दो पहिया वाहनों पर बिना हेलमेट लगाए और तीन या ज्यादा सवारी बैठे लोगों के चालान किए गए। एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने भी टीम के साथ वाहनों के चालान कराए। पहले दिन 2486 और दूसरे दिन सोमवार को 2335 वाहनों के चालान किए गए। जिलेभर के मिलाकर पांच हजार से ज्यादा चालान हुए और 55 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला गया। फिर भी लोग नियम तोड़ने से बाज नहीं आ रहे। पुलिसकर्मी भी नियमों का उल्लंघन करते दिखे।
आईजी ने की मंडल स्तरीय समीक्षा
आईजी रेंज राकेश कुमार सिंह ने अभियान की समीक्षा की और तेजी लाने के निर्देश दिए। बरेली से प्रभारी एसएसपी राहुल भाटी के साथ ही तीनों अन्य जिलों के एएसपी मौजूद रहे। एसपी सिटी ने बताया कि यातायात पुलिस के टैक्सी स्टैंड व नियम तोड़ने के अभियान, गोकसी, दस साल की सजा के मामले में वांछित अपराधी, लाउडस्पीकर के शोर, सांप्रदायिक माहौल खराब करने वालों और खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई के लिए 31 मई तक विशेष अभियान है।
कस्बों में डग्गामार वाहनों पर हुई कार्रवाई
कस्बों में संचालित अवैध वाहन स्टैंड के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। सोमवार को पुलिस ने अभियान चलाकर नवाबगंज, आंवला और फरीदपुर के साथ अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की। आंवला में रामनगर और अलीगंज स्टैंड पर वाहन चालकों से वसूली करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। उप निरीक्षक रघुराज सिंह की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट में बताया कि चालकों से पूछताछ में कस्बे के ही रहने बव्वन अली, शाहिद उर्फ सब्बन व इकरार का नाम सामने आया। यह लोग अवैध वसूली कर वाहनों को यहां खड़ा कराते थे।
फरीदपुर में पुलिस ने 17 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से पांच वाहन सीज करने के साथ अन्य 12 के चालान काटे गए। इससे पहले 11 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। यह वाहन अवैध वाहन स्टैंड पर खड़े होकर सवारियां भरते हैं। इस वजह से कस्बे के मुख्य मार्ग पर जाम के हालात बने रहते हैं। पुलिस कार्रवाई के चलते कई चालक अपने वाहन लेकर फरार हो गए।
नवाबगंज में डग्गामार वाहन बाईपास मार्ग पर खड़े होकर सवारियां भरते हैं। इस वजह से वहां जाम लगा रहता है। अवैध टैक्सी स्टैंड की आड़ में वसूली भी होती है। सोमवार को यहां पहुंची पुलिस टीम ने 33 वाहनों के चालान किए। इसके साथ ही छह से अधिक ई-रिक्शा और टेंपो को पकड़ा गया है। कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अभियान इस माह के अंत तक चलेगा।