SSC GD Exam: बरेली में बिहार के सॉल्वर का साथी गिरफ्तार, सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट
पुलिस ने बिहार निवासी युवक को पकड़ा है, जिसे दो लड़के पकड़कर पीलीभीत के बीसलपुर ले जा रहे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सख्ती के बाद भी भर्ती परीक्षाओं में सॉल्वर सेंध लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। एसएससी जीडी परीक्षा में बीसलपुर के युवक से बिहार के सॉल्वर गैंग की डील का खुलासा हुआ है। बीसलपुर के युवक मुरादाबाद से सॉल्वर के साथी को पकड़ लाए हैं। सात लोगों पर रिपोर्ट लिखी गई है। एक आरोपी हिरासत में है।
पीलीभीत के बीसलपुर के ग्यासपुर मोहल्ला निवासी नाजिम, उसके दोस्त पीलीभीत के बरखेड़ा के गांव मुड़िया हुलास निवासी डालचंद्र को पुलिस ने सेटेलाइट बस स्टैंड से पकड़ा था। दोनों बिहार के औरंगाबाद निवासी गुड्डू कुमार को पकड़कर ले जा रहे थे कि उसने ने शोर मचा दिया। इंस्पेक्टर बारादरी अभिषेक सिंह ने पूछताछ की तो बिहार के सॉल्वर गैंग की पोल खुली।
नाजिम ने बताया कि वह एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके कानपुर देहात निवासी दोस्त मोहन ने अपने बहनोई राहुल कठेरिया, भाई हरिओम व पबित से मिलवाया। राहुल ने उससे कहा कि उन लोगों की सरकारी विभागों में पहचान है, आठ लाख में नौकरी लगवा देंगे।
एडवांस में दिए थे एक लाख रुपये
राहुल के कहने पर नाजिम ने एडवांस में एक लाख रुपये दे दिए। 80 हजार उसने ऑनलाइन ट्रांसफर किए और 20 हजार नकद सौंपे। बताया कि आधार कार्ड और प्रवेश पत्र इस तरह एडिट किया जाएगा कि सॉल्वर और उसका फोटो एक जैसा लगे। मुख्य डील बिहार के जिला कैमूर निवासी सोनू से हुई।
जब वह कल मुरादाबाद पेपर देने पहुंचा तो गेट पर ही गुड्डू के साथ बिहार निवासी सॉल्वर सुमित मिला। इन लोगों ने उसका फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। नाजिम को फंसने का अंदेशा हुआ। उसने टोका तो सॉल्वर सुमित फरार हो गया। डालचंद्र ने गुड्डू को पकड़ लिया और नाजिम खुद अपना पेपर दे आया। वहां से दोनों गुड्डू को बीसलपुर कोतवाली ले जा रहे थे, तभी उसने शोर मचा दिया।
नाजिम का भाई भी सेना में हवलदार
नाजिम के बुजुर्ग पिता उसे छुड़ाने की सिफारिश लेकर थाने पहुंचे। बताया कि बड़ा बेटा सेना में हवलदार है। उन्होंने बेटे से बात करने का दबाव भी डाला पर पुलिस ने मना कर दिया। नाजिम ने सॉल्वर को एक लाख रुपये कहां से दिए, इस सवाल का भी उनके पास जवाब नहीं था। इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि नाजिम की ओर से सातों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।