Bareilly: होली पर वेश बदलकर आया हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव गिरफ्तार, हवालात की सरिया काटकर हुआ था फरार
बरेली में हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव अपने साथी सचिन सैनी के साथ हवालात की सरिया काटकर फरार हो गया था। पुलिस सचिन सैनी को गिरफ्तार कर चुकी थी। अंकित की तलाश में जुटी थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में सदर हवालात से सरिया काटकर फरार हुआ हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव आखिरकार कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में आ ही गया। वह मास्क और बहरूपियों वाले लंबे बाल लगाकर घर आया था, सटीक मुखबिरी से उसकी पहचान कर ली गई। उसे नई रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया है।
कोतवाल डीके शर्मा के मुताबिक अंकित की फरारी के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। वह उत्तराखंड फरार हो गया था। कभीकभार छुपकर बरेली आता था। सूचना मिली कि वह सोमवार तड़के ही होली मनाने अपने घर आया था। तब उसने होली का हैट, मास्क, बड़ा चश्मा और बड़े बाल लगा रखे थे।
इसी वेशभूषा में वह अपने खास लोगों से मिलने बाहर निकला तो मुखबिर ने उन्हें सूचना दे दी। पुलिस ने अंकित को पकड़ लिया। मास्क और बाल हटाए तो अंकित की पहचान कर ली गई। अंकित कुछ दिन पहले ही सदर हवालात से अपने साथी सचिन सैनी के साथ सरिया काटकर फरार हो गया था। बिहारीपुर निवासी अंकित पर हत्या, लूट, अपहरण के 58 मुकदमे दर्ज हैं।
अंकित की गिरफ्तारी को लेकर कोतवाली पुलिस काफी समय से परेशान थी। उसके फरार होने की वजह से तीन पुलिसकर्मी निलंबित हो गए थे। बताते हैं कि उसे पकड़ने के बाद उसकी सही से खबर ली गई। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण को लाया गया अंकित सही से चल नहीं पा रहा था। पुलिसकर्मी कंधों पर उसके हाथ रखकर साथ लाए थे। मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया।
साथी सचिन सैनी पहले जा चुका है जेल
अंकित यादव कुछ दिन पहले ही पेशी पर आने के दौरान कोर्ट की सदर हवालात से अपने साथी सचिन सैनी के साथ सरिया काटकर फरार हो गया था। उसने अपनी पत्नी व दोस्त के जरिये सरिया काटने को हेक्सा ब्लेड मंगाया था और दोनों पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गए थे। दोनों पर ही 20-20 हजार रुपए का इनाम भी था। कुछ दिन पहले सचिन सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया था। अब होली के मौके पर अंकित यादव की गिरफ्तारी से पुलिस को सुकून मिला है। कोतवाल डीके शर्मा ने उस पर नई रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है।