Bareilly: पशुओं और बंदरों के आतंक से परेशान जाटवपुरा के लोग, 'संवाद' में बताईं इलाके की समस्याएं
बरेली में अमर उजाला की ओर से रविवार को वार्ड 2 जाटवपुरा में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में बताया। कहा कि वार्ड में बंदरों और आवारा पशुओं का आतंक हैं। वार्ड की सड़कें टूटी हैं और जलभराव की समस्या भी है।
विस्तार
बरेली में नगर निगम के वार्ड 2 जाटवपुरा में लोग बंदरों व आवारा पशुओं के आतंक से परेशान हैं। नगर निगम में तमाम शिकायतें करने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। वार्ड के संकरी गालियां होने के कारण लोग जाम की समस्या से भी परेशान है। जगह-जगह अतिक्रमण है, जिससे आम लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ये समस्याएं रविवार को जाटवपुरा के महावीर एनक्लेव कॉलोनी में आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में लोगों ने बताईं।
अर्चना खंडेलवाल ने बताया कि वार्ड के कई सड़कें टूटी हुई हैं, जिससे लोगों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई जगह सीवर लाइन डालने का काम किया जा रहा है जिसके चलते रोड उखड़ गई है। राम खंडेलवाल ने बताया कि वार्ड में बेसहारा पुशओं की सबसे बड़ी समस्या है। लावारिस पशु वार्ड के घूमते रहते हैं। कई लोग इन पशुओं के हमले में घायल हो चुके हैं।
निर्मल कुमार गुप्ता ने बताया कि बंदरों के लिए जाल बिछाया गया था लेकिन अभी तक एक बंदर भी पकड़ में नहीं आ पाया, जबकि सुबह शाम बंदर वार्ड के ही घूमते रहते हैं। कई बार पार्षद से कहा गया है। अब बताया जा रहा है कि बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी वन विभाग के पास पहुंच गई है, लेकिन वह भी बंदर नहीं पकड़ पा रहे हैं।
आभा गुप्ता ने बताया कि माधोवाड़ी से एक बड़ा नाला बनाए जाने की आवश्यकता है जो जाटवपुरा के नाले में जाकर मिले। नाला बनने से जलभराव की समस्या का निस्तारण हो जाएगा। जाटवपुरा वार्ड में करीब 40 हजार की आबादी रहती है। वार्ड में नरकुलागंज, श्यामगंज होने के चलते दिन भर ट्रकों की आवाजाही भी रहती है। संकरे रास्ते होने के कारण जाम की स्थिति भी यहां पर बनी रहती है। बरसात से पहले नालों व नालियों की सफाई ठीक से न होने से गंदगी भरी हुई है।
ये हैं वार्ड की प्रमुख समस्या
- वार्ड की करीब 15 सड़क टूटी हुई हैं
- बंदरों, कुत्तों व पशुओं का आतंक है
- बरसात में जलभराव की समस्या
- इलाके में नियमित सफाई न होना
पार्षद गरिमा कामांडो ने बताया कि वार्ड में नाला निर्माण के लिए प्रस्ताव बनाया गया है जिसे निगम को भेजा जाएगा। कुछ रोड की फाइलें लगी हुई जिन्हें जल्द बनवाने का प्रयास है।