Bareilly News: जिला अस्पताल में तीमारदारों ने डॉक्टर को पीटा, रिपोर्ट दर्ज, एक आरोपी हिरासत में
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में मरीज और उसके तीमारदारों ने डॉक्टर पीयूष से मारपीट की। डॉक्टर के साथ अन्य स्टाफ ने कोतवाली जाकर इंस्पेक्टर डीके शर्मा को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
विस्तार
बरेली के जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में मरीज और तीमारदारों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। डॉक्टर के साथ पहुंचे कर्मचारियों ने कोतवाली में इंस्पेक्टर को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
महाराणा प्रताप जिला संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार दोपहर बाद हड्डी रोग विभाग के सर्जन डॉ. पीयूष सारस्वत के साथ मारपीट की गई। इस दौरान अस्पताल में खींचतान व अफरातफरी का माहौल रहा। डॉ. पीयूष के साथ अस्पताल के अन्य डॉक्टर व कर्मचारी कोतवाली पहुंचे।
वहां इंस्पेक्टर डीके शर्मा को डॉ. पीयूष ने बताया कि अस्पताल में 18 सितंबर को आबिदा नाम की महिला भर्ती हुई थी। महिला को हड्डी के जोड़ का दर्द (गठिया) संबंधी दिक्कत थी। महिला का उन्होंने इलाज किया और कुछ दिन बाद वह घर चली गई।
डॉक्टर ने बताया कि छुट्टी के बाद मरीज व उनके घरवाले अक्सर उन्हें कॉल करते रहते थे। यह लोग कभी अस्पताल की छुट्टी के वक्त और कभी रात में कॉल करते थे। दवा और परहेज पूछने के अलावा ये लोग उन्हें धमकाने लगे। कहने लगे कि हमारे मरीज का गलत इलाज कर दिया। उनसे फोन पर ही रुपये की मांग की। ऐसा न करने पर बदनाम करने की चेतावनी दी।
डॉक्टर पीयूष ने दर्ज कराई रिपोर्ट
सोमवार दोपहर बाद महिला आबिदा के साथ उसका बेटा अल्तमश पति व तीन अन्य लोग डॉक्टर के पास आए। यह लोग उनसे गालीगलौज करने लगे। विरोध पर उनसे मारपीट करने लगे। उनका मोबाइल भी छीन लिया। उनके स्टाफ ने मारपीट करने वाले एक आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस उसे कोतवाली ले गई। डॉक्टर पीयूष की ओर से आबिदा, अल्तमश व तीन अन्य पर रिपोर्ट कराई गई। पुलिस ने अल्तमश को हिरासत में ले लिया।
सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि डॉक्टर के साथ अभद्रता करने वाले आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई गई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।