बाघ ने किया गाय का शिकार: खुटार रेंज में वनकर्मियों ने ग्रामीणों को किया अलर्ट, अकेले घर से बाहर न निकलें
खुटार रेंज और लखीमपुर की महेशपुर रेंज के जंगल में नेपाली हाथियों ने बसेरा बना रखा है, जिससे बाघ जंगल से बाहर आ रहे हैं। बृहस्पतिवार रात खुटार रेंज में बाघ ने एक गाय का शिकार किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शाहजहांपुर जिले के खुटार क्षेत्र और लखीमपुर के मोहम्मदी क्षेत्र की सीमा पर बाघ ने एक गाय को निवाला बना लिया। शुक्रवार की सुबह वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गांव के लोगों से जानकारी ली। बाघ के पगचिन्ह ट्रेस किए। इलाके में बाघ आने से ग्रामीणों में दहशत है।
खुटार रेंज और लखीमपुर की महेशपुर रेंज के जंगल सटे हुए हैं। महेशपुर रेंज में नेपाली हाथी डेरा जमाए हुए हैं। खुटार के गांव रौतापुर कलां निवासी राकेश मिश्रा का खेत लखीमपुर की सीमा के गांव पड़सर के पास है। बृहस्पतिवार रात उनके खेत में बाघ ने एक गाय को मार डाला।
खेत में मरी पड़ी थी गाय
शुक्रवार सुबह लोग खेतों पर पहुंचे। खेत में गाय मरी पड़ी थी। लोगों ने वनकर्मियों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही खुटार रेंज और खीरी के महेशपुर रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने खेत में मिले पगचिन्ह को काफी दूर तक ट्रेस किया।
ग्रामीणों को किया अलर्ट
जांच के बाद वनकर्मियों ने बताया कि बाघ ने गाय का शिकार किया है। लोगों से अपील की गई कि शाम होने पर लोग घरों से बाहर न निकलें। जरूरत पड़ने पर बाहर निकले तो हाथ में डंडा रखे। आग जला लें और तेज आवाज में बात करते रहें। खेतों में अकेले काम न करें।
खुटार के डिप्टी रेंजर एसपी गौतम ने बताया कि गांव के लोगों को जागरूक किया गया है। बाघ को बहुत जल्द जंगल की ओर खदेड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जंगल में हाथियों का झुंड मौजूद होने के कारण वन्य पशु जंगल के बाहर खेतों में अपना बसेरा बनाए हुए हैं।