Bareilly News: बायो गैस प्लांट में रिसाव होने से एक कर्मचारी की मौत, इंजीनियर समेत चार लोग बेहोश
बिथरी क्षेत्र के भोजपुर रामनाथ गांव में स्थित बायो गैस प्लांट में मंगलवार रात गैस रिसाव हो गया। इस रिसाव में पांच कर्मचारी बेहोश हो गए। रात में ही प्लांट प्रबंधन व पुलिस ने इनको शहर के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां एक मजदूर की मौत हो गई। इंजीनियर समेत चार लोगों का उपचार चल रहा है।
विस्तार
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के भोजपुर रामनाथ गांव में एक निर्माणाधीन बायो गैस प्लांट में मंगलवार रात गैस रिसाव से एक कर्मचारी की मौत हो गई। दो इंजीनियर समेत चार लोग बेहोश हो गए। इनमें से एक ने बचने के लिए टैंक से छलांग लगा दी। उसका पैर टूट गया। पुलिस ने इन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अफसरों ने प्लांट का मुआयना किया। डीएम ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है।
धुर्वा नाम से उद्योगपति अनिल अग्रवाल इस गांव में बायो गैस प्लांट बनवा रहे हैं। इसका कार्य उज्ज्वला बायो एनर्जी सॉल्यूशन कंपनी कर रही हैं। प्लांट का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। परीक्षण चल रहा है। मंगलवार रात 11 बजे प्लांट को चेक करने के लिए गोरखपुर के पिपराइच निवासी इंजीनियर प्रिंस (22), बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के थाना सरैया गांव बनिया निवासी शशिकांत (26) व बिहार के थाना व जिला वैशाली के गांव फूलाल निवासी मजदूर रिशु (20) उसकी छत पर चढ़े थे। वहां गैस रिसाव होने से रिशु तड़पकर गिर पड़ा। बाकी दोनों भी चीखकर बेहोश हो गए।
प्लांट के ऊपर से लगा दी थी छलांग
उन्हें बचाने के लिए नीचे से मजदूर आसिफ उर्फ आरिफ निवासी ग्राम भोजपुर व इरशाद बेग निवासी ग्राम भगवतीपुर दौड़कर ऊपर गए। वहां इनकी हालत भी बिगड़ने लगी। तब आसिफ ने प्लांट के ऊपर से ही छलांग लगा दी। करीब 30 फुट ऊंचाई से कूदने पर उसका एक पैर टूट गया। प्लांट के दूसरे हिस्सों में काम कर रहे अन्य कर्मचारी दौड़े और इन लोगों को निकाला।
चारों लोगों को शहर के निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। बुधवार को एसपी सिटी राहुल भाटी, एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव समेत कई अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। प्लांट लगाने वाली कंपनी के इंजीनियर भी हादसे की जांच व मरम्मत में जुटे हैं। हादसे के कारण को लेकर अभी जांच चल रही है। सीओ तृतीय आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि रिशू के परिजनों को बुलाया है। डीएम के स्तर से जांच कमेटी गठित की गई है।