Nath Corridor : बरेली के आदिनाथ चौक पर अब नहीं बनेगा द्वार, तलाशी जा रही दूसरी जगह
नाथ कॉरिडोर सर्किट के तहत बरेली के प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनवाए जा रहे हैं। चार द्वार को निर्माण पूरा हो चुका है। वहीं आदिनाथ चौक के पास प्रस्तावित द्वार बनाने के लिए जमीन नहीं मिल पा रही है।
विस्तार
बरेली में नाथ कॉरिडोर के तहत आदिनाथ चौक के पास द्वार बनाने के लिए जमीन नहीं मिल पा रही है। बीडीए (बरेली विकास प्राधिकरण) अब द्वार बनाने के लिए दूसरी जगह तलाश रहा है। वहीं, जिले में चार अन्य जगह पर द्वार निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है।
नाथ कॉरिडोर के तहत सातों नाथ मंदिरों को जोड़ा जाना है। मंदिरों तक जाने वाली सड़कों के चौड़ीकरण के साथ ही सुंदरीकरण भी किया जा रहा है। कॉरिडोर सर्किट के तहत शहर के प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनवाए जा रहे हैं। रामपुर रोड पर झुमका चौराहे के पास, बदायूं रोड, बीसलपुर रोड के साथ शाहजहांपुर रोड पर इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के पास द्वार का निर्माण हो रहा है।
डोहरा रोड और आदिनाथ चौराहे के पास भी द्वार का निर्माण प्रस्तावित है मगर अब आदिनाथ चौराहे पर निर्माण मुश्किल है। चौराहे पर बने डमरू ने ही अधिकांश जगह घेर ली है। ऐसे में यहां द्वार बनाने के लिए उचित जगह नहीं मिल पा रही है। बीडीए के अफसर अब दूसरी जगह द्वार बनाने के लिए जगह देख रहे हैं।
यहां पर बनाया जा सकता है द्वार
पीलीभीत बाईपास पर बैरियर टू के पास द्वार बनाने पर विचार किया जा रहा है। पीलीभीत से शहर में प्रवेश करते समय यह मुख्य द्वार होगा। इसके साथ ही यह पशुपतिनाथ मंदिर से सीधे जुड़ेगा। यहां से डेलापीर रोड होते हुए त्रिवटीनाथ मंदिर तक सीधे रास्ता जाता है। इससे यह नाथ कॉरिडोर से भी जुड़ जाएगा।
बीडीए अधिशासी अभियंता एपीएन सिंह ने बताया कि नाथ कॉरिडोर के तहत चार द्वारों पर काम चल रहा है, दो और भी प्रस्तावित हैं। आदिनाथ चौराहे पर निर्माण के लिए जगह नहीं बन पा रही है। उसके लिए अब दूसरी जगह तलाश की जा रही है।