Bareilly: जोगी नवादा से कांवड़ यात्रा निकालने पर नहीं बनी सहमति, अफसर बोले- नई परंपरा की अनुमति नहीं
बरेली के जोगी नवादा में सावन के दौरान दो बार बवाल हो चुका है। इसके देखते हुए पुलिस प्रशासन अब कोई कोताही नहीं बरत रहा है। प्रशासन ने इस रविवार को भी कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के जोगी नवादा से निकलने वाली कांवड़ यात्रा की अनुमति के संबंध में शनिवार को हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने एडीएम सिटी, एसपी सिटी और एसीएम प्रथम के साथ एसडीएम सदर कार्यालय में बैठक की। अफसरों ने नई परंपरा डालने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया।
हिंदू जागरण मंच और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता 20 अगस्त को प्रस्तावित कांवड़ यात्रा की अनुमति के संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। पूर्व में अनुमति निरस्त किए जाने पर कार्यकर्ताओं ने रविवार को शांतिपूर्वक कांवड़ यात्रा निकालने की बात कही, मगर अधिकारी किसी भी स्थिति में नई परंपरा नहीं डालने पर अड़े रहे। आखिर में हिंदू जागरण मंच के महानगर अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता और विश्व हिंदू परिषद के नेता पवन अरोड़ा ने जिला प्रशासन की अनुमति के बाद ही कांवड़ यात्रा निकालने की बात कही।
ये भी पढ़ें- शीशगढ़ बवाल: घर के बाहर खड़े थे सैकड़ों लोग, लगा कि भीड़ दरवाजे तोड़ देगी; किशोर के दादा ने बताया मंजर
इस दौरान विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष दिव्य चतुर्वेदी, संजय शुक्ला, लोकेंद्र सिंह तोमर, केपी गोस्वामी, संजय शर्मा, जसपाल भारद्वाज, राजीव कपूर, नीरज चौरसिया, राजकुमार राजपूत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। एसीएम प्रथम नहने राम के मुताबिक जोगी नवादा में स्थिति शांतिपूर्ण है। किसी भी स्थिति में नई परंपरा डालने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
दो बार हो चुका है बवाल
सावन के दूसरे सोमवार से पहले 23 जुलाई को जोगी नवादा में कांवड़ यात्रा के दौरान बवाल हो गया था। इस घटना के बाद 30 जुलाई को फिर से हालात बिगड़ गए थे। पुलिस को भीड़ पर लाठीचार्ज करना पड़ा था। सावन के दूसरे और तीसरे रविवार को हुईं घटनाओं के मद्देनजर दोनों इलाकों में कड़ी निगरानी बरती जा रही है।