Bareilly News: जंक्शन पर बनेंगे नए प्लेटफॉर्म और ट्रैक, आने वाले दिनों में एयरपोर्ट जैसी मिलेंगी सुविधाएं
अगले 30 वर्ष की जरूरत को देखते हुए बरेली जंक्शन को नया रूप दिया जाएगा। जंक्शन पर नए प्लेटफॉर्म और ट्रैक बनेंगे। यात्रियों को हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
विस्तार
बरेली जंक्शन पर हवाई अड्डे जैसी यात्री सुविधाएं देने और संख्या बढ़ने पर भी ट्रेनों के बेहतर संचालन के लिए नए प्लेटफार्म व यार्ड में ट्रैक बनाए जाएंगे। अगले 30 वर्ष की जरूरत को देखते हुए जंक्शन को नया रूप दिया जाएगा। मौजूदा समय में जहां जंक्शन के ऑफिस हैं, वहां रेल की पटरी बनेंगी। सरकुलेटिंग एरिया में कार्यालय बनाए जा सकते हैं। प्लेटफार्म नंबर एक और दो एक साथ दिखेंगे।
वर्तमान प्लेटफॉर्म संख्या एक भविष्य में तीन बन जाएगा। दो नंबर प्लेटफार्म चार नंबर बन जाएग। तीन नंबर पांच व चार नंबर छह हो जाएगा। प्लेटफॉर्म संख्या पांच व छह को नार्दन रेलवे की लाइनों से जोड़ा जाएगा ताकि लखनऊ से आकर बरेली सिटी स्टेशन जाने वाली गाड़ियां वर्तमान प्लेट फार्म संख्या पांच व छह से जा सकें। अभी यह ट्रेनें प्लेटफार्म संख्या एक व दो से ही जाती हैं।
जीएम ने 12 दिसंबर को किया था निरीक्षण
उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल ने 12 दिसंबर को जंक्शन का निरीक्षण किया था। इसी दिन सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया था कि जंक्शन को हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं देने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनेगी। अभियंता और निजी कंपनी के अधिकारी जरूरत का आकलन करेंगे। प्रस्ताव तैयार होगा।
रेलवे बोर्ड से मंजूरी के बाद काम शुरू हो जाएंगे। इसी क्रम में डीआरएम दो बार दौरा कर चुके हैं। एडीआरएम एनएन सिंह ने अभियंताओं की टीम के साथ बुधवार को प्लेटफार्मों को विस्तार देने व नए ट्रैक बनाए जाने की जरूरत को लेकर निरीक्षण किया। अधिकारियों से फीडबैक लिया।
यह काम हैं प्रस्तावित
- ट्रैकों की मौजूदा लंबाई में अधिकतम 22 कोच की ट्रेन खड़ी हो पाती है। आने वाले समय में 24-25 कोच तक की ट्रेन खड़ी करने के लिए प्लेटफार्म पर ट्रैक की लंबाई की बढ़ाई
- जाएगी।
- गाड़ियों की मेंटेनेंस के लिए पुरानी वाशिंग लाइन को खत्म करके नई वॉशिंग लाइन बनाई जाएगी।
- गुड्स प्लेटफार्म का कायाकल्प होगा। वाहनों के आने जाने के लिए सड़क बनेगी।
- जंक्शन की मेन इमारत सरकुलेटिंग एरिया में लिफ्ट की सुविधाओं कम से कम मंजिल बनेगी।
(इन प्रस्तावों पर विचार विमर्श और आकलन करके फिजिबिलटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है)
हादसे की वजहों खत्म करने की कवायद
प्लेटफार्म संख्या दो में 46 दिन में तीन हादसे हो चुके है। ट्रेन में चढ़ते वक्त गिरने से फौजी व एक अन्य युवक की की जान जा चुकी है। एक छात्रा का पैर कुचल गया है। इन तीन घटनाओं के बाद चेते अफसरों ने प्लेटफार्म को ऊंचा करने तथा मानक के अनुरूप बनाने के लिए आकलन किया है। जल्दी ही काम शुरू हो सकता है।