ससुरालवालों ने ढहाया सितम: सास कहती थी कार्टून, ननद करती थी पिटाई; नेहा की आपबीती सुन अफसर भी हैरान
बरेली से लापता हुई नेहा 12 दिन बाद हरियाणा के सोनीपत में मिल गई। उसने ससुरालवालों की करतूत बताईं तो पुलिस अफसर भी हैरान रह गए। वह पति और ससुरालवालों को देखकर सहम गई। अपने पिता के गले लगकर खूब रोई।
विस्तार
बदायूं निवासी और बरेली के हलवाई परिवार में ब्याही नेहारिका उर्फ नेहा 12 दिन बाद हरियाणा के सोनीपत में मिल गई। बरेली कोतवाली में ससुरालवालों को देखकर वह सहम गई और अपने पिता से लिपट गई। उसने पुलिस को बताया कि सास उसे कार्टून कहती थीं और ननद बिना बात के उसकी पिटाई करती थीं। इस कारण वह घर छोड़कर चली गई। कोतवाल ने उसकी इच्छा के मुताबिक उसे पिता के साथ भेज दिया।
बिल्सी के मोहल्ला नंबर छह निवासी पवन वार्ष्णेय की बेटी नेहारिका उर्फ नेहा की शादी 2023 में बिहारीपुर के एक बड़े हलवाई परिवार में हुई थी। 16 दिसंबर से वह लापता थी। कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही थी। कोतवाल डीके शर्मा के पास बुधवार रात एक अनजान नंबर से सोनीपत के गुनौरा रेलवे स्टेशन से एक रेलवे कर्मचारी ने कॉल आई। कर्मचारी ने उनसे नेहा के बारे में पूछा।
रेलवे स्टेशन पर रहती थी नेहा
कोतवाल ने बताया कि वह लापता है और उसकी तलाश की हो रही है। इस पर कर्मचारी ने बताया कि वह यहां स्टेशन पर कई दिन से लावारिस हालत में रह रही है। कोतवाल ने तत्काल वहां जीआरपी थाने संपर्क कर उसे संरक्षण में लेने का अनुरोध किया। इसके बाद पुलिस के साथ ही दोनों पक्ष के लोग सोनीपत पहुंचे और बृहस्पतिवार दोपहर बरेली लेकर आए।
कोतवाली में नेहा पति व ससुरालवालों को देखकर सहम गई। वह अपने पिता के गले लगकर खूब रोई। इंस्पेक्टर ने बताया कि नेहा ससुरालवालों के उत्पीड़न से परेशान होकर चली गई थी। उसे पिता के साथ भेजा है। उसके सही होने पर इच्छा के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
कई बार आया आत्महत्या का विचार
नेहा ने बताया कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले परेशान कर रहे हैं। ननद और सास दिन में कई बार बिना बात के उसकी पिटाई करते थे। उसने कई बार आत्महत्या का विचार बनाया पर हिम्मत नहीं पड़ी तो घर छोड़ना ही सही समझा।
नेहा ने बताया कि सास व ननद उसके पिता को कॉल करके उसी की झूठी शिकायतें करती थीं। कुछ दिन पहले पिता आए तो सास ने उन्हीं को भड़का दिया। तब पिता ने उसी को चांटा मारकर कहा कि इन लोगों की सब बात माना करो, तुम्हें यहीं जिंदगी काटनी है।