UP: दाऊद इब्राहिम के रिश्तेदार का कत्ल, शादी में आए निहाल खान को बहनोई के भाई ने मारी गोली; पढ़ें पूरा मामला
शाहजहांपुर में बुधवार रात मुंबई के कारोबारी निहाल खान की हत्या कर दी गई। निहाल जलालाबाद चेयरमैन शकील खान के साले थे। वह परिवार के साथ भांजे की शादी में आए थे। निहाल खान माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम के भी करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
विस्तार
शाहजहांपुर के जलालाबाद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन शकील खान के साले निहाल खान की हत्या करने के लिए कामिल तीन दिन से कार में ही लाइसेंसी राइफल रखकर घूम रहा था। बुधवार रात उसे मौका मिल गया और उसने गोली चला दी। बताते हैं कि निहाल अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर का साला था। हालांकि, पुलिस इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं कर रही है। मृतका की पत्नी ने आरोपी कामिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन वजह का जिक्र नहीं है। इधर, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत तीन टीमों को लगाया गया है।
मुंबई के बदलूपुरा निगारी स्ट्रीट भाइकुला बरिहान निवासी निहाल कपड़ा कारोबारी और बिल्डर थे। वह परिवार समेत चेयरमैन शकील के बेटे अब्दुल रज्जाक की शादी में शामिल होने 15 फरवरी को मुंबई से आए थे। रविवार को शाहजहांपुर के एक होटल में बरात हुई। बुधवार रात चौथी (वर पक्ष द्वारा वधू की विदाई) की रस्म सुल्तानपुर गांव में आयोजित की गई।
कार की डिक्की में रखी रायफल
कार्यक्रम में आरोपी ईंट भट्ठा संचालक कामिल कार से पत्नी और बच्चों के साथ पहुंचा था। बताते हैं कि कार की डिक्की में उसकी लाइसेंसी रायफल रखी थी। रात करीब दस बजे निहाल खाना खाने के बाद कार्यक्रम स्थल से कुछ फासले पर अयूब अली के घर के बाहर बने छोटे मैदान पर अन्य रिश्तेदारों के साथ खड़े थे, तभी कामिल ने राइफल निकालकर निहाल के दाहिने गाल पर सटाकर गोली मार दी। गोली उसकी कनपटी से निकलकर पीछे लगे बिजली के खंभे से जाकर टकराई।
घटना को अंजाम देकर आरोपी कार वहीं छोड़कर राइफल समेत पैदल भाग गया। आशंका है कि वह शादी में ही वारदात को अंजाम देना चाहता था, लेकिन वहां भीड़ अधिक होने और सीसीटीवी कैमरे लगे होने के चलते निकलना मुश्किल था। इसीलिए उसने गांव में आयोजित कार्यक्रम को चुना।
आठ साल से थी रंजिश, वजह स्पष्ट नहीं
मृतक की पत्नी रुखसाना ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी कामिल उसके पति से सात-आठ साल से रंजिश मानता था। दूसरी ओर बताते हैं कि पत्नी से मजाक के चलते कोई बात कामिल को चुभ गई थी। शकी स्वभाव का होने के चलते उसने हत्या को अंजाम दिया।
बताते हैं कि रंजिश की वजह से निहाल आठ साल से यहां नहीं आया था। चर्चा है कि निहाल की नजदीकी एक युवती से थी, जिसकी वजह से कामिल नाराज था। एसपी ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की तलाश में एसओजी समेत तीन टीमों को लगाया गया है।
जलालाबाद के मूल निवासी थे निहाल
निहाल का परिवार मूल रूप से जलालाबाद के मोहल्ला मुश्ताकनगर का रहने वाला है। उनका मकान यहां अब भी है। बताते हैं कि इस मोहल्ले के निवासी हाजी इसरार खां कई दशक पहले मुंबई चले गए और कारोबार जमने के बाद वहीं बस गए। उनके दोनों बेटे अनवार खां और जफर खां वहीं पैदा हुए। अनवार के तीन बेटों में निहाल सबसे छोटा था। उसके दो बड़े भाई अशरफ व कमाल के अलावा पांच बहनें हैं।
भांजे अब्दुल रज्जाक की शादी का कार्ड मिलने के बाद निहाल काफी खुश थे। भांजे से अधिक लगाव होने की वजह से परिवार के 18 लोगों के फ्लाइट के टिकट उन्होंने बुक किए थे। समय से नहीं पहुंचने के चलते फ्लाइट छूट गई। इसके चलते वह सड़क मार्ग से परिवार समेत जलालाबाद आए थे। शादी की रस्मों में शामिल होने के लिए 15 फरवरी को पहुंचे थे। उसके बाद 17 फरवरी को शादी और 19 फरवरी को वलीमे के कार्यक्रम में शाहजहांपुर स्थित अलग-अलग होटल में होने पर कामिल व निहाल परिवार समेत मौजूद रहे थे।
करीबी और सगा रिश्तेदार है आरोपी
निहाल के पिता अनवार खां की शादी काफी समय पहले चेयरमैन शकील अहमद की बुआ से हुई थी। इस रिश्ते में तब और निकटता आ गई, जब अनवार खां ने अपनी बड़ी बेटी महजबी बेगम का रिश्ता शकील से कर दिया। इसके मुताबिक, चेयरमैन शकील का भाई और निहाल की हत्या का आरोपी कामिल मृतक का बहनोई होने के साथ सगा फुफेरा भाई भी था।