Bareilly: ज्ञापन देने पहुंची भीड़ पर आपत्तिजनक नारे लगाने का आरोप, हिंदूवादी संगठनों ने की कार्रवाई की मांग
बदायूं के बगरैन कस्बे में अभद्र टिप्पणी पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सोमवार को आंवला में प्रदर्शन किया। वहीं हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाने के साथ विवादित बातें भी कही गईं।
विस्तार
बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा बगरैन में अभद्र टिप्पणी सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में दूसरे समुदाय के लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया है। हिंदूवादी संगठनों का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाने के साथ विवादित बातें भी कही गईं। शिकायत के बाद पुलिस ने आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया है।
बरेली के आंवला का युवक बगरैन कस्बा में दूसरे समुदाय की युवती के साथ रहता है। आरोप है कि दूसरे समुदाय के किसी युवक ने फेसबुक अकाउंट पर अपने ही समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी। आंवला के युवक ने उसको लाइक कर अपने अकाउंट से शेयर कर दिया। इसी बात को लेकर दूसरे समुदाय के लोग लामबंद हो गए और युवक के आवास को घेरकर हंगामा किया।
तहसीलदार को दिया ज्ञापन
हिंदू संगठनों के लोगों ने इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी एक ज्ञापन एसडीएम की गैरमौजूदगी में तहसीलदार दीप्ति पाल को दिया गया। हिंदूवादी संगठनों से जुड़े सुनील गुप्ता, अनुपम शंखधार, हिमांशु सोलंकी, प्रेमपाल सोलंकी, रामगोपाल गुप्ता, रामवीर प्रजापति, संजय अग्रवाल बौबी, प्रभाकर शर्मा आदि ने सीओ को बताया कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने आपत्तिजनक नारे लगाए गए।
ज्ञापन सौंपकर लौटते समय गलियों में भी आपत्तिजनक नारेबाजी की गई। आंवला कस्बे का माहौल बिगड़ते-बिगड़ते बचा। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सीओ ने बताया कि शिकायत के बाद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सीओ नितिन कुमार ने बताया कि आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बदायूं के वजीरगंज थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। कस्बे में कुछ लोगों ने इस मामले को लेकर ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान तहसील परिसर और गलियों में नारेबाजी की गई। इसका संज्ञान लेकर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।